रोहिणी में अपराधियों पर दिल्ली पुलिस का चौतरफा प्रहार, हथियारों से लेकर नशे और वाहन चोरी तक के नेटवर्क की कमर तोड़ी

0
10

नई दिल्ली: राजधानी में अपराध का साम्राज्य खड़ा करने का सपना देखने वाले बदमाशों के लिए रोहिणी जिला पुलिस ने खतरे की घंटी बजा दी है। अवैध हथियारों की सप्लाई से लेकर नशे के काले कारोबार और वाहन चोरी करने वाले गिरोहों तक पुलिस ने एक के बाद एक चार बड़ी कार्रवाई कर अपराधियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। स्पेशल स्टाफ, नारकोटिक्स स्क्वॉड और एएटीएस की अलग-अलग टीमों ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराध की दुनिया में हलचल मचा दी।

इन कार्रवाइयों में पांच अत्याधुनिक पिस्टल, एक देसी पिस्तौल समेत कुल सात अवैध हथियार, 24 जिंदा कारतूस, 310 ग्राम हेरोइन, चोरी की पांच दोपहिया गाड़ियां, एक महिंद्रा थार और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इनके पीछे सक्रिय नेटवर्क और अन्य साथियों तक पहुंचने में जुटी है।

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में प्रवेश वार्ता के दौरान वेस्टर्न रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने रोहिणी जिला पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अवैध हथियारों की सप्लाई और संगठित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

हथियारों के सौदागरों पर स्पेशल स्टाफ का शिकंजा, थार से पहुंचा हथियार सप्लायर गिरफ्तार

रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने अवैध हथियारों की सप्लाई चेन का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों जोगेंद्र उर्फ जॉक और जॉनी उर्फ अक्षय को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पांच अत्याधुनिक पिस्टल, एक देसी पिस्तौल, 24 जिंदा कारतूस, 11 लाख रुपये नकद और एक महिंद्रा थार बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक 12 नवंबर को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियारों की सप्लाई करने वाला एक व्यक्ति रोहिणी जिले में आने वाला है। इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की देखरेख में टीम ने जाल बिछाया। बेगमपुर इलाके में महिंद्रा थार से पहुंचे जोगेंद्र उर्फ जॉक को पुलिस ने दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन पिस्टल, एक देसी पिस्तौल, 14 कारतूस और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में हथियारों के स्रोत के रूप में जॉनी उर्फ अक्षय का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तीन पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि 40 वर्षीय जोगेंद्र मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी और नांगलोई इलाके में कथित तौर पर अवैध सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस के अनुसार, स्थानीय गैंगों से रंजिश के चलते उसे जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं। इनमें हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार राहुल पचपच के गिरोह का नाम भी सामने आया है।

पुलिस का आरोप है कि जोगेंद्र हथियारों और भारी नकदी के जरिए इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहता था। वह अपने नेटवर्क का विस्तार करने, नए सदस्यों को जोड़ने और उन्हें अवैध हथियार उपलब्ध कराने की योजना में भी शामिल था। इस मामले में थाना बेगमपुर में एफआईआर संख्या 512/26, आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जोगेंद्र पहले भी हत्या के एक और मारपीट के दो मामलों में शामिल रहा है, जबकि 25 वर्षीय जॉनी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में एसआई सुमित दहिया, हेड कांस्टेबल नवदीप, रवि, राकेश, प्रदीप, जितेंद्र तथा कांस्टेबल शशिकांत और सागर की टीम ने अंजाम दिया।

310 ग्राम हेरोइन के साथ नशे का कारोबारी गिरफ्तार, बुलेट और दो आईफोन भी जब्त

नशे के सौदागरों के खिलाफ रोहिणी जिला नारकोटिक्स स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 वर्षीय विशाल को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 310 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने व्यावसायिक मात्रा बताया है। आरोपी के पास से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और दो आईफोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 12 नवंबर को नारकोटिक्स स्क्वॉड की टीम बुध विहार इलाके में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान खट्टे वाला पार्क के पास मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी पहचान सुल्तानपुरी निवासी विशाल के रूप में हुई। उसके कब्जे से 310 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मामले में थाना बुध विहार में एफआईआर संख्या 392/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई को लेकर रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के आगे और पीछे जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है, ताकि पूरे तस्करी तंत्र को ध्वस्त किया जा सके। विशाल पहले भी जुआ अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े दो मामलों में शामिल रहा है।
इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर राकेश के नेतृत्व में एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की निगरानी में एसआई कुलदीप सिंह, हेड कांस्टेबल अमित, पुनीत, धर्मवीर और अमित की टीम ने अंजाम दिया।

देसी कट्टा और कारतूस के साथ हिस्ट्रीशीटर दबोचा, दस आपराधिक मामलों का रहा है आरोपी

अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ एएटीएस रोहिणी की टीम ने भी शिकंजा कसते हुए 28 वर्षीय अंकुर चौहान को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। 12 नवंबर को एएटीएस टीम को जिले में एक संदिग्ध अपराधी की गतिविधि की गुप्त सूचना मिली थी। इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में एसआई लाल सिंह, हेड कांस्टेबल अंकुश, नवीन और आनंद की टीम ने सेक्टर-3 रोहिणी स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पहुंचे आरोपी अंकुर को पुलिस ने दबोच लिया।

तलाशी में उसके पास से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मामले में थाना साउथ रोहिणी में एफआईआर संख्या 346/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, ऋठाला निवासी अंकुर नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और पहले मजदूरी करता था। वह थाना बुध विहार का हिस्ट्रीशीटर है तथा चोरी और घरों में चोरी समेत 10 आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता रही है। पुलिस अब उससे हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

वाहन चोरों पर एएटीएस का शिकंजा, एक गिरफ्तारी से खुलीं चोरी की पांच वारदातें

वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएटीएस रोहिणी ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 24 वर्षीय अकरम उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर चोरी की पांच दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें तीन मोटरसाइकिल और दो स्कूटी शामिल हैं।

एडिशनल डीसीपी रोहिणी तनुश्री ने बताया कि 12 नवंबर को एएटीएस टीम को सूचना मिली कि एक वाहन चोर रोहिणी सेक्टर-20 में आने वाला है। इंस्पेक्टर मुकेश के नेतृत्व में टीम ने इलाके में जाल बिछाया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पहुंचे संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

जांच में उसके कब्जे से मिली मोटरसाइकिल थाना मंगोलपुरी इलाके से चोरी की निकली। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर चार और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, उसकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के पांच मामले सुलझाए गए हैं।

सेक्टर-20 रोहिणी निवासी अकरम उर्फ साहिल पढ़ा-लिखा नहीं है और बेरोजगार था। वह थाना अमन विहार का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके खिलाफ पहले से 30 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य चोरी के वाहनों की बरामदगी का प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की निगरानी में एसआई विजय, हेड कांस्टेबल राजेंद्र और कांस्टेबल सुमित की टीम ने अंजाम दिया।

अपराध के चार मोर्चों पर एक साथ वार

रोहिणी जिला पुलिस की इन चार कार्रवाइयों ने साफ कर दिया है कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, नशे की तस्करी और वाहन चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। जिला पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीमें अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक संपर्कों, हथियारों के स्रोत, नशे की सप्लाई और चोरी के वाहनों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here