
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पूरी तरह गंभीर नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था की नब्ज टटोलने और पुलिसिंग की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को जय सिंह रोड स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में राजधानी की मौजूदा कानून-व्यवस्था, सुरक्षा चुनौतियों और पुलिस की कार्यप्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
गृह मंत्री का यह दौरा कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि महज तीन सप्ताह के भीतर अमित शाह दूसरी बार दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे हैं। इससे पहले 24 अक्टूबर 2026 को भी उन्होंने पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की थी। उस बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और दिल्ली पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे थे।
भीड़ प्रबंधन से महिला सुरक्षा तक बनी थी रणनीति
पिछली समीक्षा बैठक में बड़े आयोजनों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, खुफिया सूचनाओं के प्रभावी संग्रह और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई थी। इसके अलावा महिला सुरक्षा को मजबूत बनाने, मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने और संगठित अपराध के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की रणनीति पर भी जोर दिया गया था। गौरतलब है कि अक्टूबर 2026 से पहले केंद्रीय गृह मंत्री ने 30 अगस्त 2022 को दिल्ली पुलिस मुख्यालय का दौरा किया था। ऐसे में लगातार दूसरी बार मुख्यालय पहुंचकर समीक्षा करना राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सीधी नजर, अपराधियों को सख्त संदेश
दिल्ली देश की राजधानी होने के साथ-साथ राजनीतिक, कूटनीतिक और राष्ट्रीय गतिविधियों का प्रमुख केंद्र भी है। ऐसे में यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। गृह मंत्री की इस बैठक को सुरक्षा तंत्र की समीक्षा, पुलिसिंग में सुधार और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।








