आस्था का सैलाब! छठ महापर्व की तैयारियों से गुलजार हुए दिल्ली के बाजार, पूजा सामग्री की खरीदारी में जुटे श्रद्धालु

0
8

नई दिल्ली: लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की आहट के साथ ही राजधानी दिल्ली के बाजारों में रौनक छाने लगी है। कहीं पूजा के लिए बड़ी-बड़ी टोकरियां सज रही हैं तो कहीं फलों और पूजन सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बाजारों में छठी मैया के जयकारों और खरीदारी की चहल-पहल के बीच महापर्व की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। महंगाई ने भले ही लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया हो, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। देशभर में धूमधाम से मनाए जाने वाले इस महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। दिल्ली में बड़ी संख्या में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार के परिवारों के लिए छठ केवल त्योहार नहीं, बल्कि परंपरा, संस्कृति और भावनाओं से जुड़ा विशेष पर्व है। यही वजह है कि पर्व नजदीक आते ही राजधानी के बाजार छठमय हो गए हैं।

शाहदरा जिले की गीता कॉलोनी स्थित छठ पूजा बाजार में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही देखने को मिल रही है। महिलाएं और पुरुष परिवार के साथ पूजा की सामग्री खरीदने पहुंच रहे हैं। बाजार में बड़ी टोकरी, छोटी टोकरी, ठेकुआ बनाने के सांचे, गन्ना, नारियल, अनानास, बड़ा नींबू (गागल), दो कोसिया, हाथी, आंवला सहित छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली अनेक पारंपरिक वस्तुओं की दुकानें सजी हुई हैं। छठ पूजा में 100 से अधिक प्रकार की सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है।

महंगाई बढ़ी, लेकिन आस्था नहीं हुई कम

गीता कॉलोनी स्थित बाजार की दुकानदार मुन्नी देवी ने बताया कि छठ पूजा की सामग्री की बिक्री शुरू हो चुकी है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में सामान काफी महंगा है। थोक बाजार में ही कीमतें बढ़ी हुई मिल रही हैं, जिसके कारण खुदरा दुकानदारों को भी सामान महंगे दामों पर बेचना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छठी मैया के प्रति लोगों की श्रद्धा इतनी गहरी है कि कीमतें बढ़ने के बावजूद खरीदारी जारी है। वहीं, खरीदार शिव कुमार ने बताया कि उनका परिवार हर वर्ष पूरे विधि-विधान से छठ पूजा करता है। इस बार सामान की कीमतों में काफी इजाफा हुआ है। जो सामग्री पिछले साल 100 रुपये में मिलती थी, उसके लिए अब 150 से 200 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि इसमें दुकानदारों की भी गलती नहीं है, क्योंकि उन्हें भी थोक बाजार से महंगा सामान मिल रहा है।

जेब पर महंगाई का बोझ, दिल में छठी मैया के प्रति अटूट विश्वास! शिव कुमार का कहना है कि छठ महापर्व उनके परिवार का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे में कीमतें चाहे जितनी बढ़ जाएं, पूजा की तैयारियों में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। राजधानी के बाजारों में उमड़ी यह रौनक बता रही है कि महंगाई आस्था के आगे छोटी पड़ गई है। हर घर में छठी मैया के स्वागत की तैयारी है और हर श्रद्धालु की जुबान पर एक ही जयकारा गूंज रहा है— छठी मैया की जय, सूर्य देव की जय!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here