दिल्ली: नोएडा-दिल्ली में 155 रुपए में तो एक प्लेट मोमो भी ढंग से नहीं आता। लेकिन चीन में एक आदमी ने इसी कीमत में पूरा 2 BHK फ्लैट अपने नाम कर लिया, वो भी फुल्ली फर्निश्ड। सुनकर यकीन करना मुश्किल है, लेकिन ये सच है। अब इस अनोखी डील की चर्चा सोशल मीडिया पर पूरी दुनिया में हो रही है। ये कमाल हुआ है चीन के सबसे बड़े शॉपिंग फेस्टिवल ‘डबल 11’ में, जिसे चीन का ‘ब्लैक फ्राइडे’ कहा जाता है। इस दौरान अलीबाबा ऑक्शन पर एक फ्लैट की नीलामी हो रही थी। नीलामी की शर्त भी बड़ी मजेदार थी। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लैट की बोली सिर्फ 1 युआन से शुरू हुई। हर बार बोली सिर्फ 0.01 युआन बढ़ानी थी और सबसे बड़ी बोली सिर्फ 11 युआन यानी करीब 155 रुपए तक ही लग सकती थी। जो सबसे पहले 11 युआन की बोली लगाएगा, फ्लैट उसी का होगा।
2 मिनट 20 सेकंड में खत्म हुई नीलामी
इस डील को लूटने के लिए 1,677 लोग मैदान में उतर गए। कुल 1,001 बोलियां लगीं और सिर्फ 2 मिनट 20 सेकंड में ही खेल खत्म हो गया। पूर्वी चीन के जियांगसू-झेजियांग इलाके के एक शख्स ने सबसे पहले 11 युआन की बोली लगाकर बाजी मार ली। ये फ्लैट चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत के हेगांग शहर में है। ये 735 स्क्वायर फीट का 2 बेडरूम फ्लैट है, जो 7वीं मंजिल पर है। मार्केट में इसकी कीमत करीब 40,000 युआन यानी करीब 5.6 लाख रुपए बताई जा रही है। लेकिन कहानी में एक ट्विस्ट भी है। 155 रुपए तो सिर्फ बोली की रकम थी। घर अपने नाम कराने के लिए शख्स को करीब 2,000 युआन यानी करीब 28,000 रुपए का टैक्स अलग से देना होगा। बाकी का पैसा प्लेटफॉर्म ने सब्सिडी के तौर पर दिया है, क्योंकि ये एक प्रमोशनल ऑफर था।
सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा
जीतने वाले शख्स ने खुद भी नहीं सोचा था कि वो जीत जाएगा। उसने बताया कि उसका हेगांग में शिफ्ट होने का कोई प्लान नहीं है। वो इस फ्लैट को सर्दियों में बर्फ देखने जाने पर हॉलिडे होम की तरह इस्तेमाल करेगा। इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर लोग मजाक कर रहे हैं कि भारत में जहां 155 रुपए में मोमो नहीं आते, वहीं चीन में घर मिल गया। वहीं कई लोग कह रहे हैं कि ये सिर्फ प्रमोशनल स्टंट था, लेकिन फिर भी ये डील हर किसी को हैरान कर रही है।











