नई दिल्ली: अमेरिका में महंगाई बढ़ने और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के चलते सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट जारी है। गुरुवार सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव 4,000 डॉलर प्रति औंस के नीचे आ गया। वहीं, चांदी भी फिसलकर 51.16 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। इसका असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिला। MCX पर सोने का भाव करीब 550 रुपये गिरकर 1.39 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं, चांदी की कीमत 1,700 रुपये से ज्यादा टूटकर 1.83 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे आ गई।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा महंगाई बढ़ने से दिसंबर 2026 में फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका मजबूत हुई है। दूसरा, अमेरिकी डॉलर में मजबूती आने से सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं की मांग कमजोर हुई है।
सोने-चांदी में कितनी और गिरावट संभव?
SEBI रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, सोने-चांदी में फिलहाल तेजी पर बिकवाली की रणनीति बेहतर हो सकती है। दिसंबर में फेड की बैठक के बाद क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के चलते बड़े निवेशक अपनी पोजीशन घटा सकते हैं। वहीं, महंगाई की चिंता के कारण नई बड़ी खरीदारी की संभावना भी कम है। उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 3,800 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम सपोर्ट है। इसके टूटने पर कीमत 3,400 से 3,350 डॉलर तक गिर सकती है। वहीं, चांदी के लिए 50 और 48 डॉलर प्रति औंस के स्तर अहम सपोर्ट हैं। इनके टूटने पर चांदी 42 डॉलर और यहां तक कि 40 डॉलर प्रति औंस तक फिसल सकती है।
भारत में ₹1.25 लाख तक आ सकता है सोना
अनुज गुप्ता के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने का तत्काल सपोर्ट 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम है। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,800 डॉलर के नीचे टिकता है तो MCX पर इसकी कीमत 1.30 लाख से 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक आ सकती है। इसी तरह चांदी के लिए 1.75 लाख और 1.68 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर अहम सपोर्ट हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 48 डॉलर के नीचे फिसलती है तो MCX पर भाव 1.55 लाख से 1.48 लाख रुपये प्रति किलो तक आ सकता है।












