यम द्वितीया पर सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर, डीएम-एसएसपी ने यमुना घाटों का किया निरीक्षण

0
8

वृंदावन: यम द्वितीया (भैया दूज) पर्व पर यमुना स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। पर्व पर सुरक्षा, शांति और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस बल के साथ वृंदावन के केसी घाट समेत प्रमुख यमुना घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं के आवागमन तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

घाटों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने घाटों पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन के रास्तों को बारीकी से देखा। यम द्वितीया पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के वृंदावन पहुंचने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया।

सुरक्षा में लापरवाही न बरतने के निर्देश

उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। साथ ही संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here