कहीं 2 रुपये तो कहीं 419 रुपये लीटर बिक रहा पेट्रोल, जानिए भारत में 1 लीटर की कीमत

0
9

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर अब पेट्रोल-डीजल के दामों पर भी दिखाई देने लगा है। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की हार के बाद ब्रेंट क्रूड का भाव 90 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। वहीं, दुनिया में पेट्रोल की औसत कीमत में कमी आई है, जबकि डीजल महंगा हुआ है। इसके पीछे रिफाइनिंग की बढ़ती लागत और सप्लाई में आ रही परेशानियों को प्रमुख वजह माना जा रहा है। दूसरी ओर, भारत में 11 नवंबर की सुबह 6 बजे तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के नए रेट जारी कर दिए हैं। देश के प्रमुख शहरों में आज भी ईंधन की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली, मुंबई से लेकर चेन्नई तक वाहन चालकों को पुराने दामों पर ही पेट्रोल-डीजल मिल रहा है।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों से तुलना करें तो भारत में ईंधन की कीमतें दुनिया के औसत भाव से काफी कम हैं। ग्लोबल पेट्रोल प्राइसेज डॉट कॉम के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दुनियाभर में पेट्रोल की औसत कीमत 150 रुपये प्रति लीटर से नीचे आ गई है। वहीं, डीजल का औसत भाव पहले 158.73 रुपये था, जो बढ़कर 159.05 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इसके मुकाबले भारत में पेट्रोल का औसत भाव करीब 108 रुपये और डीजल का 98.10 रुपये प्रति लीटर है।

कहीं 2 रुपये तो कहीं 419 रुपये लीटर बिक रहा पेट्रोल

दुनिया के अलग-अलग देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी अंतर देखने को मिलता है। आंकड़ों के अनुसार, लीबिया में पेट्रोल सबसे सस्ता है, जहां एक लीटर के लिए महज 2.21 रुपये चुकाने पड़ते हैं। वहीं, वेनेजुएला में पेट्रोल की कीमत 3.31 रुपये और डीजल की करीब 40 पैसे प्रति लीटर है। भारत की बात करें तो पोर्ट ब्लेयर में पेट्रोल 88.66 रुपये और डीजल 84.56 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। दूसरी तरफ, हांगकांग में पेट्रोल की कीमत 419.25 रुपये और डीजल की करीब 458 रुपये प्रति लीटर है। भारत में सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में 118.34 रुपये लीटर है, जबकि यहां डीजल का भाव 106.06 रुपये है।

आखिर क्यों अलग-अलग देशों में बदल जाते हैं दाम?

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें सभी देशों के लिए महत्वपूर्ण होती हैं, लेकिन खुदरा कीमतें तय करने में सरकारों की नीतियां भी बड़ी भूमिका निभाती हैं। पेट्रोल-डीजल पर लगने वाला टैक्स और सरकार की ओर से दी जाने वाली सब्सिडी इसके दामों को प्रभावित करती है। जिन देशों में ईंधन पर ज्यादा टैक्स लगाया जाता है, वहां कीमतें अधिक रहती हैं। वहीं, सब्सिडी देने वाले देशों में लोगों को सस्ता ईंधन मिल सकता है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव का नियम भी हर देश में एक जैसा नहीं है। कुछ देशों में हर सप्ताह ईंधन के नए दाम तय किए जाते हैं। वहीं, जिन देशों में सरकार कीमतों को नियंत्रित करती है, वहां आमतौर पर महीने के आधार पर समीक्षा होती है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव घटने के बावजूद हर देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें तुरंत कम नहीं होतीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here