दिल्ली के महापौर ने खुद हटाया मलबा, दो किमी पैदल चलकर सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

0
9

नई दिल्ली: दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने की मुहिम अब केवल बैठकों और सरकारी निर्देशों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि इसका संदेश जमीन पर भी दिखाई देगा। इसी संकल्प के साथ दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही मंगलवार को मल्कागंज की सड़कों पर उतरे। करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने मल्कागंज चौक स्थित पार्क में पड़े मलबे को स्वयं उठाकर अधिकारियों और आम लोगों को जनभागीदारी का संदेश दिया। महापौर के इस अंदाज ने स्वच्छता अभियान में नागरिकों की जिम्मेदारी को भी केंद्र में ला दिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने मल्कागंज मुख्य मार्ग पर सफाई व्यवस्था की बारीकी से पड़ताल की। उन्होंने जेटिंग मशीन के माध्यम से सड़क की सफाई का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह अतिक्रमण देखकर महापौर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ चालान सहित नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए और रास्तों को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।

सफाई कर्मी का सम्मान, बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहन

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक सफाई कर्मी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही उसका नाम पुरस्कार के लिए भेजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा बनाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत और समर्पण को सम्मान मिलना चाहिए। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी मशीनरी के प्रयासों से दिल्ली को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाना, मलबा न डालना और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है।

बालकराम अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की भी परखी हकीकत

सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के बाद महापौर तिमारपुर स्थित बालकराम अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने एंटी रेबीज वैक्सीन और सीरम की पर्याप्त उपलब्धता पर संतोष जताया। इसके अलावा अस्पताल की प्रयोगशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। महापौर ने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से सीधे बातचीत की और डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाओं तथा इलाज से जुड़ी सुविधाओं के बारे में उनका फीडबैक लिया। मरीजों ने उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान मुख्य सड़क से अस्पताल तक पहुंचने के लिए प्रस्तावित संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली गई। महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी।

निरीक्षण में रहे मौजूद

इस दौरान तिमारपुर के विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, स्थानीय पार्षद रेखा, उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त सचिन गुप्ता, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, बालकराम अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पूनम सरीन सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।महापौर का यह दौरा एक ओर जहां सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई का संदेश दे गया, वहीं दूसरी ओर सफाई कर्मियों के सम्मान और जनभागीदारी के जरिए स्वच्छ दिल्ली के अभियान को नई दिशा देने की कोशिश भी करता नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here