प्रदूषण पर दिल्ली मेट्रो का डबल वार! बढ़ेंगी ट्रेनें, धूल उड़ाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा

0
11

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के खिलाफ अब दिल्ली मेट्रो ने भी मोर्चा खोल दिया है। ग्रैप-1 लागू होते ही दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल पर लगाम लगाने के लिए कमर कस ली है। 22 अक्टूबर से सप्ताह के कार्यदिवसों में मेट्रो नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे, ताकि लोग निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से सफर करें और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो।

धूल पर प्रहार, निर्माण स्थलों की होगी सख्त निगरानी

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए डीएमआरसी अपने निर्माण स्थलों और आसपास की सड़कों पर विशेष अभियान तेज करेगा। निर्माण स्थलों के भीतर धूल कम करने, सड़कों से मिट्टी हटाने तथा फुटपाथों और सड़क के मध्य भागों से कूड़ा साफ कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। डीएमआरसी के अभियंता निर्माण स्थलों और आसपास की सड़कों का निरीक्षण करेंगे। निर्माण सामग्री को ढककर रखने और बाहर निकलने वाले वाहनों के पहियों की सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

250 से अधिक धुंधरोधी मशीनें तैनात

डीएमआरसी के मुताबिक, मेट्रो निर्माण स्थलों, स्टेशनों और कार्यालय भवनों में 250 से अधिक धुंधरोधी एवं जल-फुहार मशीनें लगाई गई हैं। पर्यावरण विभाग की टीमें प्रतिदिन निरीक्षण कर पर्यावरणीय नियमों के पालन की निगरानी कर रही हैं।

31 किलोमीटर सड़कों पर भी नजर

मेट्रो निर्माण कार्यों के कारण लगभग 31 किलोमीटर सड़कें अस्थायी रूप से डीएमआरसी के अधिकार क्षेत्र में हैं। निगम के अनुसार, इनमें से अधिकांश सड़कों की मरम्मत कराई जा चुकी है, ताकि उनसे धूल और प्रदूषण न बढ़े। संदेश साफ है सार्वजनिक परिवहन अपनाएं प्रदूषण घटाएं। दिल्ली मेट्रो का यह अभियान राजधानी की हवा को स्वच्छ बनाने की दिशा में अहम कदम है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here