रतिया: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर रतिया पुलिस ने गांव लाली के पास बड़ी नहर रोड पर कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 6.25 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र सिंह पुत्र रमेश कुमार तथा दर्शन पुत्र करतार सिंह, दोनों निवासी वार्ड नंबर 8, गांव जाखन दादी, तहसील रतिया के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधि पकड़ी गई
थाना शहर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीण ने बताया कि 9 नवंबर को सहायक उपनिरीक्षक बुधराम के नेतृत्व में पुलिस टीम बड़ी नहर रोड से गांव लाली की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव लाली की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहे दो युवकों ने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुड़ने का प्रयास किया। संदिग्ध गतिविधि के चलते पुलिस टीम ने दोनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया।
हेरोइन बरामद और मामला दर्ज
नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी दर्शन की लोअर की जेब से 6.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने बिना नंबर की प्लेटिना मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। इस संबंध में थाना शहर रतिया में अभियोग संख्या 232 दिनांक 09.11.2026, धारा 21(बी), 61 व 85 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।












