नागर स्पोर्ट्स एकेडमी ने खिलाड़ियों के साथ मनाई दीपावली, ग्राउंड में जलाए दीप

0
14

रतिया: दीपावली के पावन पर्व पर नागर स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से राजकीय सीनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल के खेल मैदान में दीपावली पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने ग्राउंड में दीप प्रज्वलित कर खुशहाली, भाईचारे और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य अतिथि सहित गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद

कार्यक्रम में सरदार गुरचरण सिंह खोखर, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा, हरियाणा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ शर्मा चंद लाली, जिला अध्यक्ष संत शिरोमणि नामदेव सभा फतेहाबाद, रघुबीर सिंह कोच नागर स्पोर्ट्स एकेडमी, सुरेंद्र पाल सिंह, सम्राट सिंह, रासविंदर सिंह, विजय कुमार, गौरव शर्मा, अजय सिंह, लक्ष्य कुमार, पल्लवी सहित अनेक खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

खेल युवाओं को नशे से दूर रखने का सशक्त माध्यम

इस मौके पर मुख्य अतिथि सरदार गुरचरण सिंह खोखर ने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। यदि रतिया में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाए और खिलाड़ियों को बेहतर मैदान एवं संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं तो रतिया को नशामुक्त बनाने की दिशा में बड़ी सफलता मिल सकती है।

भव्य खेल स्टेडियम बनाने की मांग रखेंगे, नशामुक्त समाज की शपथ

उन्होंने कहा कि वे माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर रतिया में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य खेल स्टेडियम बनाने की मांग रखेंगे, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिल सकें। इस अवसर पर शर्मा चंद लाली ने उपस्थित सभी लोगों एवं खिलाड़ियों को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने का संदेश देता है। इसी प्रकार हमें समाज से नशे के अंधकार को मिटाकर युवाओं के जीवन में शिक्षा, खेल और सकारात्मक सोच का प्रकाश फैलाना चाहिए।

सभी जिलावासियों को दीपावली की शुभकामनाएं

कार्यक्रम के अंत में नागर स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से सभी जिला वासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here