दीपावली पर मुजफ्फरनगर का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: जिला अस्पताल में 10 और CHC पर 4-4 बेड आरक्षित

0
13

मुज़फ़्फ़रनगर: दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग से झुलसने या किसी अन्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर चार-चार बेड आरक्षित किए गए हैं, जबकि जिला अस्पताल में भी झुलसे हुए मरीजों के उपचार के लिए 10 बेड की व्यवस्था की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने तथा आपातकालीन सेवाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

जिला चिकित्सालय और स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण

सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भुजवीर सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मरीजों के उपचार की तैयारियां देखीं। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर दीपावली के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ और दवाइयों की व्यवस्था रखने के निर्देश

सीएमओ ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान अस्पतालों में पर्याप्त मेडिकल स्टाफ, जरूरी दवाइयां, ड्रेसिंग सामग्री और आपातकालीन उपचार की व्यवस्था बनाए रखें, ताकि आग से झुलसने या अन्य दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को बिना देरी के इलाज मिल सके।

जनपदवासियों से दीपावली सावधानीपूर्वक मनाने की अपील

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से दीपावली सावधानीपूर्वक मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी करते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें और पटाखे खुले स्थान पर ही जलाएं। ज्वलनशील पदार्थों और कपड़ों से दूर रहकर पटाखे जलाएं। आंखों और हाथों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा पटाखे जलाते समय पानी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था पास रखें।

जलने पर प्राथमिक उपचार के बारे में दी जानकारी

उन्होंने बताया कि जलने की स्थिति में प्रभावित हिस्से पर तत्काल सामान्य ठंडा बहता पानी डालना चाहिए। वहां बर्फ, घी, तेल या टूथपेस्ट नहीं लगाना चाहिए। गंभीर स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए।

प्रदूषण से बचने और खानपान में संयम बरतने की सलाह

सीएमओ ने ध्वनि और वायु प्रदूषण से बचने, अधिक धुआं करने वाले पटाखों से परहेज करने तथा सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। साथ ही दीपावली पर खानपान में संयम बरतने, मिलावटी मिठाइयों से बचने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।

Reported by: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here