नई दिल्ली: राजधानी में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी लगातार जारी है। इसी कड़ी में पूर्वी जिला पुलिस की विशेष स्टाफ टीम ने गश्त के दौरान एक ऐसे कथित नशा तस्कर को दबोच लिया, जिसने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन खाकी की घेराबंदी के आगे उसकी एक न चली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 93 ग्राम स्मैक बरामद की है।
आरोपी की पहचान और घटना
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान इजहार (25) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले का रहने वाला है और वर्तमान में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दर्जी का काम करता था। पूर्वी जिले की विशेष स्टाफ टीम थाना गाजीपुर क्षेत्र के पेपर मार्केट इलाके में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर आरोपी पर पड़ी। पुलिस को सामने देखकर वह अचानक भागने लगा। उसकी संदिग्ध हरकतों को भांपते हुए टीम ने पीछा किया और कुछ ही देर में उसे दबोच लिया।
बरामदगी और आगे की जांच
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 93 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद थाना गाजीपुर में प्राथमिकी संख्या 570/2026 के तहत स्वापक औषधि एवं मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नशीले पदार्थों की खेप कहां से मिलती थी और वह किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था। नशे के इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।












