हिसार: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नौवें स्थापना दिवस के अवसर पर हिसार में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसे विफल, दमनकारी और तानाशाही करार दिया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में लगभग सभी सरकारी विभागों के कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री प्रदेश की समस्याओं को सुलझाने के बजाय पंजाब में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।
कई विभागों में हड़ताल से जनता बेहाल, पुलिस आंदोलन की भी जताई आशंका
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सफाई कर्मचारी, रोडवेज कर्मचारी, बिजली कर्मचारी, अग्निशमन विभाग के कर्मचारी और अन्य विभागों के कर्मचारी हड़ताल व आंदोलन कर रहे हैं। इससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सरकार की नीतियों के चलते आने वाले समय में पुलिस कर्मचारियों के भी आंदोलन की राह पर जाने की आशंका बन रही है।
किसानों को फसल का भुगतान लेने के लिए काटने पड़ रहे चक्कर
दुष्यंत चौटाला ने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश का अन्नदाता अपनी फसल का भुगतान लेने के लिए पिछले 15 दिनों से मंडियों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहा है। सरकारी व्यवस्था की खामियों के कारण किसानों को समय पर उनकी फसल का पैसा नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि सरकार की लचर कार्यप्रणाली से कर्मचारी, किसान और आम नागरिक सभी परेशान हैं।
अतिथि अध्यापकों के मामले में हाईकोर्ट के आदेश लागू नहीं कर रही सरकार
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद सरकार उन्हें लागू करने में देरी कर रही है। उन्होंने इसे न्यायपालिका के आदेशों की अवहेलना बताते हुए कहा कि सरकार का रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति उसकी सोच को दर्शाता है।
अग्निवीर योजना से युवाओं के भविष्य पर सवाल
दुष्यंत चौटाला ने अग्निवीर योजना में किए गए बदलावों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योजना के तहत केवल 25 प्रतिशत युवाओं को नियमित करने का प्रावधान है, जबकि बाकी 75 प्रतिशत युवाओं के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेवा अवधि में विस्तार जैसे प्रावधान युवाओं की भविष्य संबंधी चिंताओं का स्थायी समाधान नहीं हैं। देश की सेवा करने का सपना लेकर सेना में जाने वाले युवाओं को स्पष्ट और सुरक्षित भविष्य मिलना चाहिए।
एसआईआर के नाम पर वोट काटने का लगाया आरोप
उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों से काटे जाने का मुद्दा उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। जनता सरकार की ऐसी नीतियों का जवाब देगी।
जेजेपी जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर जेजेपी जिला अध्यक्ष अनिल बालकिया, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र लितानी, हिसार रैली प्रभारी सुरेंद्र भागीरथ, राजमल काजल, रमेश गोदारा, शमशेर मात्रश्याम, मास्टर तारा चंद, ईश्वर सिंह लौरा, गुलाब सिंह खेदड़, अजित ओडिएम, सत्यवान बिचपड़ी, जिला प्रवक्ता रवि आहूजा, महिला जिला अध्यक्ष सुमन श्योराण, युवा जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा, विजेंदर धानक, वीरेंद्र चौधरी, सजन लावट, जितेंद्र श्योराण, बबलू खटाना, तरुण गोयल, राजेंद्र चूटानी, कर्ण सिंह देपल, एडवोकेट पंकज मेहता, सत्यवान कुहाड़, बलराज बैनीवाल, विपिन गोयल, सुनील मूंड, नरेश पुनिया, बबलू गोदारा, गौरव सैनी, प्रभु दयाल जाखड़, मुकेश वाल्मीकि, श्रवण बागड़ी, मोहित अरोड़ा, लेखराज शर्मा और सतबीर मुंगेरिया सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Reported By: Praveen Kumar












