नई दिल्ली: अगर आप सिंगल हैं और डेटिंग ऐप्स पर लगातार स्वाइप करते करते थक चुके हैं, तो आपके लिए विदेश घूमने का एक दिलचस्प मौका है। दुनिया के सबसे खुशहाल देशों में फिनलैंड ने अंतरराष्ट्रीय सिंगल्स के लिए एक खास पहल की है। इस कैंपेन के जरिए लोगों को न सिर्फ खूबसूरत जगहों की सैर करने का मौका मिलेगा, बल्कि नए लोगों से मिलने और दोस्ती करने का अवसर भी मिलेगा।
फिनलैंड के टूरिज्म बोर्ड Visit Finland ने ‘Finnish Dinner Date’ नाम से यह कैंपेन शुरू किया है। इसके तहत दुनिया भर से 16 सिंगल लोगों का चयन किया जाएगा, जिन्हें फरवरी 2027 में चार दिन की पूरी तरह प्रायोजित यात्रा पर बुलाया जाएगा।
क्या है फिनलैंड का ‘Finnish Dinner Date’ कैंपेन?
इस अनोखी पहल के तहत आठ प्रतिभागियों को हेलसिंकी और आठ को टैम्पेरे में आयोजित डिनर डेट अनुभव का हिस्सा बनाया जाएगा। हालांकि, प्रतिभागियों को अपनी पसंद का शहर चुनने की सुविधा नहीं होगी। चयन होने के बाद ही उन्हें उनके डेस्टिनेशन की जानकारी दी जाएगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य फिनलैंड की संस्कृति, खानपान और स्थानीय लोगों से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों का परिचय कराना है। यहां प्रतिभागियों को स्थानीय सिंगल्स के साथ ग्रुप डिनर में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा। प्यार मिलने की गारंटी नहीं है, लेकिन नए अनुभव और यादें जरूर मिल सकती हैं।
ट्रिप में क्या-क्या मिलेगा बिल्कुल मुफ्त?
इस कैंपेन में चुने गए प्रतिभागियों के लिए यात्रा का खर्च आयोजकों द्वारा उठाया जाएगा। इसमें आने-जाने की फ्लाइट, होटल में ठहरना, भोजन और निर्धारित सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा, फिनलैंड की खूबसूरत सर्दियों, स्थानीय परंपराओं और खास फूड एक्सपीरियंस का आनंद लेने का मौका भी मिलेगा।
डिनर के लिए खास मेनू तैयार किए जाएंगे। हेलसिंकी क्षेत्र के लिए Café Savoy की हेड शेफ Adele Kinnunen और टैम्पेरे के Lakeland क्षेत्र के लिए Gösta के शेफ Henry Tikkanen मेनू तैयार करेंगे। इसमें स्थानीय मछली, बेरीज और मशरूम जैसे पारंपरिक खाद्य पदार्थ शामिल होंगे।
‘सिंकुकॉरी’ ट्रेंड से आया आइडिया
इस कैंपेन की प्रेरणा फिनलैंड के वायरल ‘Sinkkukori’ यानी सिंगल बास्केट ट्रेंड से मिली है। वहां कुछ सुपरमार्केट में गुलाबी रंग की बास्केट का इस्तेमाल सिंगल लोग नए लोगों से मिलने की इच्छा जताने के लिए करते हैं। इसी दिलचस्प ट्रेंड को पर्यटन से जोड़कर ‘Finnish Dinner Date’ की शुरुआत की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन और कैसे?
इस ट्रिप के लिए 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सिंगल लोग आवेदन कर सकते हैं। फिनलैंड के बाहर रहने वाले अंतरराष्ट्रीय आवेदकों के लिए यह अवसर खुला है। आवेदन करने के लिए सबसे पहले अंग्रेजी में एक वीडियो बनाना होगा। इसमें सवाल का जवाब देना होगा—‘आप डिनर डेट पर क्या परोसना चाहेंगे और क्यों?’ वीडियो को Instagram, TikTok या YouTube पर #FinnishDinnerDate हैशटैग के साथ पोस्ट करना होगा और Visit Finland के आधिकारिक अकाउंट को टैग करना होगा। इसके बाद FinnishDinnerDate.com पर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरकर वीडियो का लिंक जमा करना होगा।
आवेदन की अंतिम तारीख 10 नवंबर 2026, सुबह 11:59 बजे फिनलैंड का समय है। भारतीय समयानुसार यह दोपहर 3:29 बजे होगा। चयनित प्रतिभागियों की घोषणा 1 दिसंबर 2026 को की जाएगी। अगर आप सिंगल हैं और विदेश घूमने के साथ नए लोगों से मिलने का सपना देखते हैं, तो यह मौका आपके लिए यादगार साबित हो सकता है।












