इस स्मार्ट बाजार की चॉकलेट में निकले कीड़े, बच्चों की तबीयत बिगड़ी, जमकर हुआ हंगामा

0
12

मुजफ्फरनगर: रिलायंस स्मार्ट बाजार से खरीदी गई चॉकलेट में कीड़े मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित आदर्श कॉलोनी रिंग रोड के स्टोर से चॉकलेट खरीदकर बच्चों को खिलाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शिकायतकर्ता अमजद सैफी का कहना है कि चॉकलेट खोलकर देखने पर उसके अंदर कीड़े दिखाई दिए। उन्होंने स्टोर प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

चॉकलेट खाने के बाद बच्चों को खांसी, वीडियो वायरल

अमजद सैफी के मुताबिक, उन्होंने रविवार शाम रिलायंस स्मार्ट बाजार से बच्चों के लिए चॉकलेट खरीदी थी। रात में बच्चों ने चॉकलेट खाई तो उन्हें खांसी होने लगी और उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद चॉकलेट को पूरी तरह खोलकर देखा गया तो उसके अंदर कीड़े दिखाई दिए। यह देखकर उन्होंने बच्चों को बाकी चॉकलेट खाने से रोक दिया। इसका उन्होंने वीडियो भी बनाया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दोबारा जांच में अन्य चॉकलेट में भी कीड़े मिलने का दावा

शिकायतकर्ता सुबह करीब 10 बजे अपनी शिकायत लेकर फिर से अन्य लोगों के साथ दोबारा स्टोर पहुंचा। वहां चॉकलेट के पैकेट और डिब्बियां खुलवाकर जांच कराई गई। अमजद सैफी का दावा है कि इस दौरान कई अन्य चॉकलेट के अंदर भी कीड़े मिले। इस शिकायत के बाद स्टोर में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

मैनेजर ने बयान देने से किया इनकार

अमजद सैफी के अनुसार, बच्चों की तबीयत अभी भी खराब है और वह उन्हें डॉक्टर के पास लेकर जा रहे हैं। उनका आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद स्टोर का मैनेजर नीचे आकर उनसे बात करने को तैयार नहीं है और मामले में टालमटोल की जा रही है। उन्होंने स्टोर प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच पर टिकी निगाहें

वहीं, रिलायंस स्मार्ट बाजार के मैनेजर विवेक शर्मा ने मामले में कोई भी बयान देने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि कंपनी की ओर से उन्हें इस संबंध में बयान देने की अनुमति नहीं है।
अब इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका अहम होगी। शिकायत के बाद स्टोर में बिक रही चॉकलेट और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच कराई जाती है या नहीं, यह देखना होगा। साथ ही, बच्चों की तबीयत बिगड़ने और चॉकलेट में कीड़े मिलने की शिकायत की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हालांकि, सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर जा पहुंची थी। खबर लिखे जाने तक हंगामा जारी था।

 

Reported By: ROHIT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here