रतिया: खालसा पंथ की माता, जननी माता साहिब कौर जी के पावन जन्म दिहाड़े के पावन अवसर पर श्री सुखमनी सेवा सोसाइटी, रतिया द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा व उत्साह के साथ धार्मिक समागम का आयोजन किया जा रहा है। यह पावन समागम आगामी 3 नवंबर को स्थानीय गुरुद्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब में आयोजित होगा।
माता साहिब कौर जी का महत्व
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सोसाइटी की सेवादार सदस्याओं जसवीर कौर, अमृत कौर, नसीब कौर, सिमरनजीत कौर, रूपिंदर कौर, गुरप्रीत कौर, हरिंदर कौर, सुरिंदर कौर, आशावंती, संतोष कौर, कोमल कौर, रूप कौर, अर्श कौर, पायल, कुलवंत कौर और जसविंदर कौर ने संयुक्त रूप से बताया कि माता साहिब कौर जी का खालसा पंथ के इतिहास में बहुत ही महत्वपूर्ण और सम्मानजनक स्थान है। माता जी को खालसा पंथ की माता का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन धर्म प्रचार और मानवता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया था।
अखंड पाठ और धार्मिक दीवान
उन्होंने बताया कि माता जी के जन्म दिहाड़े को समर्पित सोसाइटी द्वारा 1 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब जी के पाठ का प्रकाश किया गया था। जिसका भोग 3 नवंबर को सुबह श्रद्धापूर्वक डाला जाएगा। भोग उपरांत गुरुद्वारा साहिब में विशाल धार्मिक दीवान सजाया जाएगा, जिसमें रागी जत्थों द्वारा गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया जाएगा तथा माता साहिब कौर जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला जाएगा।
तैयारियां पूरी, संगत से अपील
सोसाइटी की सदस्यों ने बताया कि इस धार्मिक समागम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने समस्त नगरवासियों व क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 3 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर धार्मिक समागम में शामिल हों और गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें।
Reported By: Rimpi Jindal












