नई दिल्ली: मिस्र के पिरामिड और ममी दुनिया भर के लोगों का सपना होते हैं, लेकिन एक भारतीय महिला ट्रैवलर के लिए यह सपना बुरे अनुभव में बदल गया। इंस्टाग्राम पर @wittyspace2 नाम के अकाउंट से उन्होंने अपना वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, “मैं दुनिया के सबसे ज्यादा ठगे जाने वाले देश में रुकी।” उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसने ट्रेवलर्स के बीच बहस छेड़ दी है।
पिरामिड देखना का बचपन
महिला ने बताया कि पिरामिड देखना उनका बचपन का सपना था। जब वह मिस्र पहुंचीं तो हर कदम पर पैसे वसूलने का सिस्टम देखकर हैरान रह गईं। उन्होंने कहा कि गीजा पिरामिड कॉम्प्लेक्स में घुसने के लिए अलग टिकट है, अगर किसी एक पिरामिड के अंदर जाना है तो उसके लिए फिर से पैसे देने पड़ते हैं। म्यूजियम, खास कलाकृतियां देखने और लक्सर में तूतनखामुन के मकबरे के लिए भी अलग-अलग टिकट लेना पड़ता है। महिला ने इसे ‘मेन्यू सिस्टम’ बताया, जहां हर चीज के लिए अलग बिल बनता है।
कैब से लेकर टिप तक, हर जगह ठगी
सिर्फ टिकट ही नहीं, ट्रांसपोर्ट को लेकर भी उन्हें काफी परेशानी हुई। काहिरा में तो उबर जैसी ऐप चल जाती है, लेकिन दूसरे शहरों में हाल बुरा है। महिला ने बताया कि लक्सर में ऐप पर कैब का किराया 100 मिस्रियन पाउंड दिख रहा था, लेकिन लोकल ड्राइवर उसी राइड के लिए 1000 से 1200 रुपये मांग रहे थे।उन्होंने कहा कि कई जगह लोग पास आकर पूछते हैं कि आप कहां से हो और फिर बख्शीश यानी टिप मांगने लगते हैं। पूरे सफर में उन्हें ऐसा लगा जैसे हर कोई उन्हें ठगने की कोशिश कर रहा है। इस वजह से वह अपनी ट्रिप जल्दी खत्म करना चाहती थीं।
वीडियो पर लोगों के रिएक्शन
महिला के वीडियो के बाद कमेंट सेक्शन में दो तरह की राय आ रही है। एक यूजर ने लिखा, “वीडियो के लिए थैंक्यू, मिस्र मेरे सपनों की जगह थी, अब आपका अनुभव सुनकर मैं नहीं जाना चाहता।” दूसरे ने लिखा, “सच है, वे बुक की हुई राइड देखने के भी पैसे लेते हैं।” वहीं कुछ लोगों ने मिस्र का बचाव भी किया। एक यूजर ने कहा, “मैं मिस्र में बहुत सुरक्षित महसूस करता हूं, टिपिंग कल्चर खराब है, लेकिन गांव के लोग शहर से ज्यादा अच्छे हैं।” एक और यूजर ने लिखा, “काहिरा बहुत बढ़िया है, बस आपको घूमना आना चाहिए। यूरोप में भी टूरिस्ट जगहें फ्री नहीं हैं।” दरअसल, मिस्र में टूरिस्ट से ओवरचार्जिंग, फर्जी गाइड और टिप मांगने की शिकायतें नई नहीं हैं। इस महिला के वीडियो ने एक बार फिर उन मुद्दों को उजागर कर दिया है, जिस पर कई पर्यटक अपनी सहमति जता रहे हैं।












