आग से उजड़े परिवारों के लिए मदद का हाथ, विधायक डॉ. अनिल गोयल ने बांटी एक महीने की राहत सामग्री

0
8

नई दिल्ली: आग की लपटों ने भले ही रानी गार्डन की झुग्गी बस्ती में कई परिवारों के आशियाने और वर्षों की जमा-पूंजी को राख में तब्दील कर दिया हो, लेकिन मुश्किल की इस घड़ी में मदद के हाथ उनके साथ खड़े हैं। अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ. अनिल गोयल ने मानवीय पहल करते हुए एक महीने का राशन और रोजमर्रा की जरूरत का जरूरी सामान वितरित किया।

आग में घर का सामान गंवाने वाले परिवारों के सामने भोजन और जरूरतों का संकट

हादसे में कई परिवारों का घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया था। अचानक आई इस आपदा ने उनके सामने भोजन रहने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा कर दिया था। पीड़ित परिवारों की परेशानियों को देखते हुए विधायक डॉ. अनिल गोयल लगातार उनके संपर्क में रहे और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

प्रभावित परिवारों को राशन, स्वच्छता किट, घरेलू सामान और तिरपाल वितरित।

इसी कड़ी में आयोजित राहत वितरण अभियान के दौरान अग्निकांड प्रभावित परिवारों को एक महीने का राशन, स्वच्छता किट घर-गृहस्थी का आवश्यक सामान और तिरपाल उपलब्ध कराए गए। राशन से परिवारों के भोजन की व्यवस्था में मदद मिलेगी, वहीं स्वच्छता किट और घरेलू उपयोग की वस्तुएं उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करेंगी। तिरपाल के माध्यम से प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय और सामान सुरक्षित रखने में भी सहूलियत मिलेगी।

विधायक बोले- आपदा में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेंगे, मदद रहेगी जारी।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि आपदा के समय केवल संवेदना जताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र का कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न समझे। जनता के सुख-दुख में साथ खड़ा रहना जनप्रतिनिधि का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन में लौटाने के लिए सहायता के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। इस मानवीय अभियान को मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा सहयोगी गैर-सरकारी संगठनों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला। विधायक ने सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here