झिलमिल में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस का धावा, 25 से अधिक लोग हिरासत में

0
7

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध जुए और सट्टे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुनापार के झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक कथित जुए के अड्डे पर छापा मारा। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस के विशेष स्टाफ और शाहदरा जिले की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) ने संयुक्त अभियान चलाकर एक फैक्ट्री में दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं मौके से लाखों रुपये की जुए की रकम बरामद होने की भी सूचना है।

गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ने के मिले संकेत

सूत्रों के अनुसार झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से बड़े स्तर पर जुए और सट्टे का कारोबार संचालित किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली थी। बताया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के तार छेनू गिरोह के कथित शार्प शूटर मुमताज से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

फैक्ट्री के भीतर चल रहा था लाखों का खेल

सूचना के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से फैक्ट्री में छापेमारी की। अचानक पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने मौके से 25 से अधिक लोगों को पकड़ा है। इनमें कुछ बड़े कारोबारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। बरामद नकदी की वास्तविक मात्रा और अन्य सामान का विवरण आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

किसका संरक्षण, किसका संचालन—जांच में खुलेगी परतें

पुलिस अब हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि इस कथित जुआ नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था, रकम का लेन-देन किन लोगों के माध्यम से होता था और इसके पीछे किन प्रभावशाली चेहरों की भूमिका है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या इस कारोबार का संबंध संगठित आपराधिक गिरोह से है।फिलहाल संयुक्त कार्रवाई के बाद पूरे मामले की जांच जारी है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here