फिल्म 'कांटे' और 'काबिल' के डायरेक्टर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन, फिल्म उद्योग में शोक का माहौल

0
12

मुंबई: बॉलीवुड से शनिवार सुबह बेहद दुखद खबर सामने आई है। कांटे, काबिल, जिंदा और शूटआउट एट वडाला जैसी फिल्मों के लिए मशहूर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक घर के बाथरूम में गिरने से उनकी मौत हुई है। इस खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात वह अपने घर के बाथरूम में अचानक गिर गए थे। सुबह तक किसी को इसकी जानकारी नहीं लगी। बाद में पता चला कि गिरने की वजह से उनकी मौत हो गई। वर्सोवा पुलिस ने ADR यानी एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं।

1994 में ‘आतिश’ से की थी शुरुआत

संजय गुप्ता ने 1994 में फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से बतौर डायरेक्टर डेब्यू किया था। संजय दत्त और आदित्य पंचोली स्टारर इस एक्शन-ड्रामा में उनके स्टाइलिश ट्रीटमेंट और दमदार डायलॉग्स ने सबका ध्यान खींचा था। यहीं से उन्होंने अंडरवर्ल्ड और क्राइम जॉनर में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू की।

‘कांटे’ से मिली कल्ट पहचान

उनके करियर की सबसे बड़ी फिल्म 2002 में आई ‘कांटे’ रही। अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, महेश मांजरेकर और लकी अली जैसे बड़े सितारों से सजी इस हीस्ट थ्रिलर को उन्होंने खुद डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था। अमेरिका में शूट हुई इस फिल्म ने अपनी स्टाइल, स्टारकास्ट और टेक्निकल क्वालिटी से कल्ट स्टेटस हासिल किया।

इसके बाद उन्होंने ‘मुसाफिर’ (2004), बतौर प्रोड्यूसर ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ (2007) और डायरेक्टर के तौर पर ‘शूटआउट एट वडाला’ (2013) जैसी फिल्में दीं, जिन्होंने मुंबई अंडरवर्ल्ड पर आधारित सिनेमा को नया आयाम दिया।

फिल्म ‘काबिल’ साबित हुई सुपरहिट 

क्राइम से हटकर भी उन्होंने अपनी काबिलियत साबित की। 2017 में ऋतिक रोशन स्टारर ‘काबिल’ सुपरहिट रही, जबकि 2021 में वह ‘मुंबई सागा’ लेकर आए। उनके प्रोडक्शन हाउस ‘व्हाइट फेदर फिल्म्स’ ने हिंदी क्राइम सिनेमा को बदलने में अहम भूमिका निभाई। संजय गुप्ता अपनी हाई-कॉन्ट्रास्ट विजुअल्स, यूनिक लाइटिंग और दमदार साउंड-एक्शन डिजाइन के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर सोशल मीडिया पर सेलेब्स और फैंस श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी का अभी इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here