ITBP चीफ के बयान से चीन में हलचल, चीनी मीडिया बोली- भारत की ये है बड़ी रणनीतिक चाल

0
11

नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर भारत-चीन के बीच फेस-ऑफ की खबरों पर चीन ने पलटवार किया है। चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने भारत के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे घरेलू राजनीति से जुड़ी चाल करार दिया है। वहीं हांगकांग के अखबार साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने इसे दोनों देशों के बीच बनी नाजुक सुलह के लिए नई चुनौती बताया है।

दरअसल, मामला तब शुरू हुआ जब आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने 22 अक्टूबर को अलवर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि पिछले कुछ दिनों में अरुणाचल में कई जगहों पर फेस-ऑफ की स्थिति बनी है और यह जारी है। यह किसी टॉप अधिकारी की तरफ से पहली सार्वजनिक पुष्टि थी। इस पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि बॉर्डर पर स्थिति तब बिगड़ती है जब चीनी सेना गश्त के तय तरीकों को तोड़ती है।

चीन के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

ग्लोबल टाइम्स ने चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन के बयान को प्रमुखता से छापा। गुओ ने कहा कि चीन दोनों देशों के बीच हुए समझौतों और साझा सहमतियों का सख्ती से पालन करता है। चीनी सेना अपनी संप्रभुता और सीमावर्ती इलाकों में स्थिरता के लिए सामान्य गश्त करती है।

विशेषज्ञ ने भारत पर डाला सुधार का जिम्मा

त्सिंघुआ यूनिवर्सिटी के नेशनल स्ट्रेटेजी इंस्टीट्यूट के निदेशक कियान फेंग ने ग्लोबल टाइम्स से कहा, “भारतीय पक्ष द्वारा लगाए गए निराधार आरोप गश्त से जुड़ी सोची-समझी रणनीतिक चाल हैं, इसमें घरेलू राजनीतिक समीकरण भी शामिल हैं।” उन्होंने कहा कि सीमा के मुद्दे को द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की गति में बाधा न बनने देने के लिए भारत को सीमा प्रबंधन के समझौतों का पालन करना चाहिए। हालांकि अखबार ने चीन की जिम्मेदारियों का जिक्र नहीं किया।

लेख में कहा गया कि दोनों पक्षों को मतभेद सुलझाने के लिए विशेष प्रतिनिधियों की बातचीत जैसे राजनयिक और सैन्य चैनलों का इस्तेमाल जारी रखना चाहिए।

SCMP ने कहा – नाजुक सुलह की परीक्षा

वहीं साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने लिखा कि चीन और भारत के बीच बनी नाजुक सुलह फिर परीक्षा से गुजर रही है। अखबार ने याद दिलाया कि पिछले एक साल में संबंध सुधारने के कदम उठाए गए हैं। पांच साल बाद अक्टूबर में सीधी उड़ानें शुरू हुईं और सात साल में पहली बार पिछले महीने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत आकर ब्रिक्स सम्मेलन से इतर पीएम मोदी से मुलाकात की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here