नई दिल्ली: वेलिंगटन में टीम इंडिया ने ऐसा तूफान मचाया कि न्यूजीलैंड के गेंदबाज देखते रह गए। अभिषेक शर्मा के शतक और वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक शुरुआत के दम पर भारत ने 199 रन का बड़ा लक्ष्य महज 13.2 ओवर में हासिल कर लिया और पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। 199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे अभिषेक और वैभव ने पहले ओवर से ही हमला बोल दिया।
दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 7.1 ओवर में 133 रन जोड़ दिए। इस साझेदारी का रन रेट 18.13 रहा, जो टी20 इंटरनेशनल में फुल मेंबर टीमों के बीच 100+ रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप में सबसे ज्यादा है।वैभव ने 19 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों के साथ 45 रन बनाए। इसके बाद अभिषेक ने मोर्चा संभाले रखा और 38 गेंदों में 113 रन की तूफानी पारी खेली।
अभिषेक ने तोड़े कई रिकॉर्ड
अभिषेक ने अपनी पारी में 11 छक्के जड़े। यह तीसरी बार है जब उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में एक पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाए हैं। इससे पहले उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 13 और 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे। इस शतक के साथ अभिषेक के नाम टी20 क्रिकेट में कुल 11 शतक हो गए हैं। टी20 इंटरनेशनल में यह उनका चौथा शतक है। उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में सैकड़ा पूरा किया। सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है, जो उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों में बनाया था।
पावरप्ले में भी इतिहास
भारत ने पावरप्ले के 6 ओवर में बिना विकेट खोए 118 रन बनाए, जो टी20 इंटरनेशनल में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। टीम ने 2.2 ओवर में 50 और 5 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए थे। भारत ने 199 रन का लक्ष्य 40 गेंद बाकी रहते हासिल किया। 190+ रन के सफल रन चेज में गेंदें बाकी रहने के मामले में यह दूसरा सबसे बड़ा कारनामा है।
न्यूजीलैंड की पारी
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर 20 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाए थे। डेरिल मिचेल ने नाबाद 89 और फिन एलन ने 40 रन बनाए। लेकिन अभिषेक-वैभव की आंधी के सामने यह स्कोर बौना साबित हुआ। काइल जैमीसन को दो विकेट मिले, पर मैच भारत ने एकतरफा अंदाज में अपने नाम कर लिया।











