अबू धाबी में 4 भारतीयों की खुली किस्मत, बिग टिकट ड्रॉ में हर किसी को मिला 200 ग्राम सोना

0
11

नई दिल्ली: विदेश में रह रहे चार भारतीयों की किस्मत रातों-रात बदल गई। अबू धाबी के मशहूर बिग टिकट ड्रॉ में चारों ने 200-200 ग्राम सोने की बिस्किट जीत ली है। यह 24 कैरेट सोना है जिसकी कीमत करीब 96,500 दिरहम यानी लगभग 23 लाख रुपये है। इन लकी विजेताओं के नाम अरुणा कृष्णप्पा, जिजॉय विश्वन, सदाथुल्ला शरीफ और मनीषा हर्षल कसाट हैं।

23 साल से बहरीन में ऑफिस बॉय का किया काम

इनमें सबसे खास कहानी अरुणा कृष्णप्पा किडियूर की है। 45 साल के अरुणा पिछले 23 साल से बहरीन में ऑफिस बॉय के तौर पर काम कर रहे हैं। वह काफी समय से बिग टिकट में किस्मत आजमा रहे थे। पिछले चार महीनों से वह दोस्तों के साथ मिलकर हर महीने टिकट खरीद रहे थे। जब जीत की खबर आई तो उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। अरुणा ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है और लोग कभी उम्मीद न छोड़ें।

मुंबई की महिला ने 3 साल बाद जीता जैकपॉट

दूसरी विजेता मनीषा हर्षल कसाट मूल रूप से मुंबई की हैं और 10 साल से शारजाह में फ्रीलांसर के तौर पर काम कर रही हैं। 30 साल की मनीषा पिछले तीन साल से हर महीने टिकट खरीद रही थीं। कभी अकेले तो कभी दोस्तों के साथ। इस बार उन्होंने अकेले टिकट लिया और सोना जीत लिया। मनीषा ने कहा कि वह अभी सोने का क्या करेंगी, यह तय नहीं किया है, लेकिन वह आगे भी ड्रॉ में हिस्सा लेती रहेंगी।

केरल के जिजॉय को फोन पर मिली खुशखबरी

51 साल के जिजॉय विश्वन केरल के रहने वाले हैं और 2007 से शारजाह में कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। उनका परिवार भारत में रहता है। वह हर महीने 5 से 10 दोस्तों के साथ मिलकर टिकट खरीदते थे। उन्हें तो ड्रॉ के बारे में पता भी नहीं था। जब बिग टिकट की टीम ने फोन किया तो पहले उन्हें मजाक लगा, फिर वेबसाइट पर जाकर कन्फर्म किया। जिजॉय ने बताया कि वह यह सोना अपने ग्रुप में बांटेंगे और बची रकम परिवार के लिए बचाएंगे।

बेंगलुरु के इंजीनियर की पहली बार में ही किस्मत खुली

चौथे विजेता सदातुल्ला शरीफ बेंगलुरु के सिविल इंजीनियर हैं जो एक साल से दुबई में रह रहे हैं। उन्होंने पहली बार एयरपोर्ट पर बिग टिकट के बारे में सुना था और कभी ऑनलाइन तो कभी दुकान से टिकट लेते थे। जीत की खबर सुनकर वह भी हैरान रह गए। बिग टिकट अबू धाबी का एक लॉटरी प्रोग्राम है जिसमें नकद, सोना और कार जैसे इनाम दिए जाते हैं। अक्टूबर के तीसरे हफ्ते के ड्रॉ में इन चार भारतीयों की किस्मत चमक गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here