हर हिंदू के घर में जलेगा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का संकल्प दीप

0
8

वृंदावन: श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मंगलवार को वृंदावन में संकल्प दीप ज्योति यात्रा निकाली गई। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में चिंतामणि कुंज से शुरू हुई यात्रा इस्कॉन मंदिर तक पहुंची। इस दौरान संत-महात्माओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामले में हिंदू समाज को जागरूक करने और आंदोलन को मजबूती देने का आह्वान किया। न्यास की ओर से कार्तिक मास में देश-विदेश के हिंदू परिवारों से अपने घरों में श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के संकल्प का एक दीप जलाने की अपील की गई।

महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाए जा रहे हैं। इनमें हिंदू चेतना यात्रा, चलो गांव की ओर अभियान, वाहन और पैदल यात्राएं तथा ब्रज चौरासी कोस से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि से संबंधित साक्ष्य न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से इस मामले को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संकल्प दीप अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की तैयारी है। स्पेन, जर्मनी, अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रिया सहित कई देशों में रहने वाले सहयोगियों से इस संबंध में बातचीत की गई है। कार्तिक मास में विदेशों में भी दीप जलाकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का संकल्प लेने की योजना है।

संतों ने एकजुट होकर दीप जलाने का किया आह्वान

संत गोविंदानंद तीर्थ महाराज ने कहा कि संतों की शक्ति और एकजुटता से बड़े से बड़े संकल्प को पूरा करने का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि संकल्प दीप ज्योति यात्रा का दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि आस्था और संकल्प का संदेश है। उन्होंने लोगों से अपने घरों में एक-एक कृष्ण दीप जलाकर अभियान को मजबूती देने की अपील की। संत बलराम बाबा ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि को सनातन आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए इससे जुड़े विवाद के समाधान की आवश्यकता जताई। परमहंस स्वामी सुरेशानंद महाराज ने भी दीप अभियान का समर्थन करते हुए हिंदू परिवारों से संकल्प दीप जलाने का आह्वान किया।

भगवताचार्य वर्षा जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से जुड़े विषय पर समाज का जागरूक होना जरूरी है। चिंतामणि कुंज के महामंडलेश्वर डॉ. आदित्यानंद जी महाराज ने कहा कि जन्मभूमि के मूल गर्भगृह स्थल को लेकर चल रहे आंदोलन को मजबूत करने की आवश्यकता है। संत देवानंद वन महाराज ने वहां भव्य मंदिर निर्माण की मांग का समर्थन किया। संत दशरथदास महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में जल्द निर्णय होने की उम्मीद जताई। स्वामी अतुल कृष्ण दास महाराज ने अयोध्या की तर्ज पर मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर लोगों से जागरूक होने की अपील की।

यात्रा में स्वामी शिवचन्द्रानंद महाराज, स्वामी गौरव दास महाराज, महामंडलेश्वर कृष्णानंद जी महाराज, रघुवीर दास, भक्त दास, योगेंद्र दास महाराज, रमाकांत शरण, यशवर्धनाचार्य महाराज, अक्षयदास महाराज, कुंवर अशोक प्रताप सिंह, फिल्म निर्देशक विजय पाल सिंह, फिल्म पटकथा लेखक आदेश को अर्जुन और प्रदीप शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here