नई दिल्ली: असम के गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल के अंदर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। GS रोड के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल ‘बिलास इन’ में अचानक गोलियां चलने लगीं, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस खूनी घटना के पीछे संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद था। हैरानी की बात यह है कि गोली चलाने वाला कोई बाहरी हमलावर नहीं, बल्कि होटल को लीज पर लेने वाला व्यक्ति बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना के करीब एक घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। होटल के मालिक पक्ष और उसे पट्टे पर लेने वाले व्यक्ति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि लीज समझौते से जुड़ा यही विवाद गोलीबारी की वजह बना। यह होटल असम पुलिस मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में मारे गए सभी लोग होटल के मालिक पक्ष से जुड़े थे। मामले में विवाद की पूरी वजह और घटना के समय क्या हुआ था, इसकी जांच जारी है।
होटल लीज पर लेने वाले व्यक्ति ने चलाईं गोलियां
पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने बताया कि आरोपी की पहचान घनकांत गोगोई के रूप में हुई है। उसने करीब एक साल पहले होटल को लीज पर लिया था। पुलिस ने उसे घटना के लगभग एक घंटे बाद पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गोलीबारी में इस्तेमाल की गई .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विवाद किस बात पर बढ़ा और गोली चलाने की नौबत कैसे आई। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपी कोई भाड़े का हत्यारा नहीं है। उसका मृतकों से पारिवारिक रिश्ता भी नहीं बताया गया है।
पुलिस आयुक्त के अनुसार, गोलीबारी में जान गंवाने वाले पांचों लोग होटल के मालिक पक्ष से जुड़े थे। इनमें चार एक ही परिवार के सदस्य थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उसी गांव का रहने वाला था। मृतकों की पहचान होटल की मालकिन हेलेना भराली, उनके बेटे देबोरशी कश्यप, देबोरशी की पत्नी रिनिकी कश्यप, हेलेना के भाई भुदेव भराली और नारायण दास के रूप में हुई है। इस घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लीज को लेकर दोनों पक्षों के बीच किस तरह का विवाद था और क्या घटना से पहले कोई कहासुनी हुई थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां भी सामने आएंगी।
घायल व्यक्ति की हालत स्थिर
गोलीबारी में छह लोगों को गोली लगने की जानकारी सामने आई थी, जिनमें पांच की मौत हो गई। गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि घटना में बचने वाले व्यक्ति की पहचान सत्येन पाठक के रूप में हुई है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार जब्त किए जाने के बावजूद अभी यह स्पष्ट होना बाकी है कि विवाद किस वजह से इतना बढ़ गया कि गोलीबारी हुई। जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।












