शामली में लाखों के वाटर कूलर बने शोपीस, दूषित पानी पीने को मजबूर स्कूली बच्चे, दुकानदारों में आक्रोश

0
8

उत्तरप्रदेश: शामली के कांधला में नगर पालिका की लापरवाही का मामला सामने आया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास लाखों रुपये की लागत से लगाए गए वाटर कूलर देखरेख के अभाव में शोपीस बनकर रह गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकांश वाटर कूलर महीनों से खराब हैं, जबकि चालू कूलरों से बदबूदार और मटमैला पानी निकल रहा है।

आरोप है कि कॉलेज परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय के मासूम बच्चे भी यही दूषित पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।

इस समस्या को लेकर नेकपाल चौहान, अमित चौहान, विधुर अग्रवाल, मोहित कुमार और अनुज मित्तल सहित स्थानीय दुकानदारों ने नगर पालिका कर्मचारियों का घेराव कर विरोध जताया। लोगों ने पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पर सरकारी बजट के दुरुपयोग और नियमित निरीक्षण न करने के आरोप लगाए। दुकानदारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वाटर कूलरों की मरम्मत कर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई, तो नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।

Reported By: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here