वृंदावन: ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। अब वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश के लिए गेट नंबर चार का इस्तेमाल करना होगा। दर्शन के बाद उन्हें गेट नंबर एक से बाहर निकाला जाएगा। नई व्यवस्था शरद पूर्णिमा से लागू कर दी गई है।
आम श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
कार्तिक महीने में वृंदावन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही बांकेबिहारी मंदिर में भी दर्शनार्थियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने प्रवेश और निकास व्यवस्था में बदलाव किया है। इससे पहले वीआईपी प्रोटोकॉल वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर दो से प्रवेश दिया जाता था। इस दौरान वीआईपी दर्शन के लिए रेलिंग का एक हिस्सा खाली कराना पड़ता था, जिससे सामान्य श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। नई व्यवस्था के तहत इस समस्या को दूर करने का प्रयास किया गया है।
सुरक्षा में तैनात रहेंगे 6 पुलिसकर्मी
अब वीआईपी प्रोटोकॉल वाले श्रद्धालु गेट नंबर चार से मंदिर में प्रवेश कर सीधे वीआईपी कटहरे तक पहुंच सकेंगे। दर्शन के बाद उन्हें गेट नंबर एक से बाहर निकाला जाएगा। व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मंदिर की सुरक्षा में तैनात छह पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। ये पुलिसकर्मी वीआईपी श्रद्धालुओं को दर्शन कराने के बाद निर्धारित निकास द्वार से बाहर निकालने में सहयोग करेंगे।
सेवायत सदस्य ने दी जानकारी
उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। कार्तिक महीने में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में गेट नंबर दो से वीआईपी श्रद्धालुओं को प्रवेश कराने में दिक्कतें आ रही थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब गेट नंबर चार से प्रवेश और गेट नंबर एक से निकास की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाना और सामान्य श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा कम करना है।












