मथुरा: गोविंद नगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में प्रेम विवाह से नाराज परिजनों पर नवविवाहिता की हत्या करने का आरोप लगा है। युवती ने करीब डेढ़ महीने पहले अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ शादी की थी। इसके बाद वह पति के साथ दिल्ली में रह रही थी। आरोप है कि परिजनों ने दोनों की धूमधाम से शादी कराने का भरोसा देकर युवती को मथुरा बुलाया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को नई बस्ती स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया। पति की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के भाई अकरम को हिरासत में लिया है।
धूमधाम से शादी का झांसा देकर ससुराल से बुलाया, फिर गला दबाकर कब्रिस्तान में दफनाया
मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्रिस्तान से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, नई बस्ती निवासी नाजिया करीब डेढ़ महीने पहले अपने प्रेमी रविंद्र के साथ घर छोड़कर चली गई थी। दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली और दिल्ली में रहने लगे थे। युवती के घर छोड़ने के करीब 15 दिन बाद परिजनों ने उससे संपर्क किया। आरोप है कि परिजनों ने नाजिया को भरोसा दिलाया कि वे दोनों की शादी सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से कराएंगे। परिजनों की बातों पर विश्वास करके नाजिया वापस मथुरा आ गई। आरोप है कि घर लौटने के बाद परिजनों ने उसकी हत्या कर दी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया, ताकि घटना का पता न चल सके।
संपर्क टूटने पर पति ने दर्ज कराया केस, पुलिस पूछताछ में भाई ने कबूला जुर्म
नाजिया के पति रविंद्र के मुताबिक, मथुरा लौटने के बाद जब पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की गई तो परिजनों ने फोन उठाना बंद कर दिया। कई दिनों तक कोई बातचीत नहीं होने पर रविंद्र को अनहोनी की आशंका हुई। उसने राजस्थान में पत्नी के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया। शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। गोविंद नगर थाना प्रभारी अजय कुमार वर्मा ने मृतका के भाई अकरम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र के आदेश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्रिस्तान से युवती के शव को बाहर निकलवाया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होने की उम्मीद है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।












