यमुना की लहरों पर विकास की नई उड़ान, दिल्ली को मिलेगी फेरी सेवा की सौगात

0
9

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में यमुना को विकास पर्यटन और रोजगार की नई धारा से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार से जगतपुर तक विकसित की जा रही यमुना फेरी सेवा परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति, व्यवस्थाओं और आगे की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

यमुना की लहरों पर सफर का सपना अब दिल्ली के पर्यटन को एक नया आयाम देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य नदी के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने के साथ यमुना के पुनरुद्धार से जुड़े प्रयासों को गति देना भी है। फेरी सेवा शुरू होने से राजधानीवासियों और पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है। नदी के रास्ते सफर का अनुभव दिल्ली के पर्यटन परिदृश्य में एक नया अध्याय जोड़ सकता है।

विकास के साथ रोजगार की भी उम्मीद

यमुना फेरी सेवा परियोजना केवल पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होने की भी संभावना है। फेरी संचालन, पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों और स्थानीय सेवाओं के विस्तार से आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिल सकता है। मुख्यमंत्री के निरीक्षण को परियोजना की प्रगति और विकास संबंधी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार की मंशा यमुना को विकास की धारा से जोड़ते हुए दिल्लीवासियों को पर्यटन का नया विकल्प उपलब्ध कराने की है। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री कपिल मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here