पाकिस्तान में LPG सिलेंडर 8000 पार, क्या भारत में भी महंगी हुई गैस? जानें आज के ताजा रेट

0
8

नई दिल्ली: ईरान से गैस की सप्लाई में आई रुकावट पाकिस्तान के आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। पाकिस्तान में रसोई गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं, जबकि भारत में कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान और ईरान के बीच दो अहम बॉर्डर चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं। पाकिस्तान का कहना है कि सुरक्षा कारणों और तस्करी रोकने के लिए सीमा बंद की गई है, जबकि ईरान ने इसे तकनीकी कारण बताया है। इसी वजह से पाकिस्तान में LPG की भारी किल्लत हो गई है।

पाकिस्तान में 7500 के पार पहुंचा सिलेंडर

पाकिस्तान में कुछ ही दिनों में 12 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत 4,500 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर 7,500 रुपये तक पहुंच गई है। लाहौर में यह 7,500 रुपये में बिक रहा है तो सर्द इलाके स्कर्दू में इसका दाम 8,200 रुपये तक पहुंच गया है। हैरानी की बात है कि पाकिस्तान के तेल और गैस नियामक प्राधिकरण OGRA ने 11.8 किलो के घरेलू सिलेंडर की सरकारी कीमत 3,296 पाकिस्तानी रुपये तय की है, लेकिन बाजार में इससे दोगुने से भी ज्यादा दाम वसूले जा रहे हैं।

भारत में राहत, 942 रुपये में मिल रहा घरेलू सिलेंडर 

दूसरी तरफ भारत में लोगों को राहत है। आज 26 अक्टूबर को दिल्ली में इंडेन का 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है। भारतीय करेंसी के हिसाब से यह कीमत पाकिस्तान के 2743 रुपये के बराबर है। क्योंकि आज 1 भारतीय रुपया 2.91 पाकिस्तानी रुपये के बराबर है। आज दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2810 रुपये, चेन्नई में 2983 रुपये, मुंबई में 2764 रुपये और अहमदाबाद में 2831.50 रुपये में बिक रहा है। जबकि घरेलू सिलेंडर के दाम चेन्नई में 957.5 रुपये, मुंबई में 941.5 रुपये और अहमदाबाद में 949 रुपये पर स्थिर हैं। इंडियन ऑयल के मुताबिक घरेलू सिलेंडर के दाम 7 जून से नहीं बदले हैं। आखिरी बदलाव 1 अक्टूबर को कमर्शियल सिलेंडर में हुआ था, जब दिल्ली में यह 62.50 रुपये महंगा हुआ था।

डिस्ट्रीब्यूटर्स का कमीशन बढ़ने की उम्मीद

इधर भारत में LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स के लिए अच्छी खबर है। IOCL, BPCL और HPCL ने उनके कमीशन में अंतरिम बढ़ोतरी की सिफारिश पर सहमति जताई है। 21 अक्टूबर को मुंबई में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। नियमित बढ़ोतरी का प्रस्ताव पहले ही पेट्रोलियम मंत्रालय को भेजा जा चुका है, जिस पर मंजूरी का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here