मुजफ्फरनगर: 24 अक्टूबर 2026 मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, मुजफ्फरनगर में होली ऐंजल्स कॉवेंट स्कूल की कक्षा 5 की छात्रा कुमारी अविका त्यागी को एक दिन के लिए उपायुक्त उद्योग का दायित्व सौंपा गया।
विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की
एक दिन की उपायुक्त उद्योग के रूप में अविका त्यागी ने कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्हें विभागीय योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उनके माध्यम से लाभार्थियों को प्रदान किए जाने वाले लाभों के बारे में अवगत कराया गया।
कार्यालय निरीक्षण और प्रशासनिक अनुभव
इसके उपरांत अविका त्यागी द्वारा कार्यालय का निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न पटलों पर संपादित किए जा रहे विभागीय कार्यों की जानकारी ली गई। इस गतिविधि के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यालय प्रबंधन को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।
बालिकाओं में नेतृत्व कौशल विकसित करने का उद्देश्य
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता एवं नेतृत्व कौशल को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
Reported by: Rohit












