सीमा पर सुरक्षा का नया पहरा, गाजीपुर बॉर्डर पर खुली पुलिस चौकी

0
12

पूर्वी दिल्ली: दिल्ली-उत्तर प्रदेश की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में दिल्ली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। गाजीपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के निकट गाजीपुर बॉर्डर पर नवनिर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) जोन 1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। नई पुलिस चौकी से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिसकर्मियों को स्थायी ठिकाना मिलने के साथ सुरक्षा व्यवस्था निगरानी और अंतरराज्यीय समन्वय को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह में पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त मिलिंद महादेव डुंबरे, पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार रावल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सृष्टि पांडे, जिले के सहायक पुलिस आयुक्त, एसएचओ, पुलिसकर्मी और अमन समिति के सदस्य और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

सीमा पर सुरक्षा, पुलिस को मिला मजबूत आधार

विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने इस पहल को पूर्वी जिले की पुलिस टीम का सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर बॉर्डर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच एक महत्वपूर्ण सीमा क्षेत्र है जहां नियमित रूप से पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है। विशेष परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाता है।

उन्होंने कहा कि नई पुलिस चौकी बनने से पुलिसकर्मियों को स्थायी स्थान उपलब्ध हुआ है। चौकी का निर्माण बेहतर तरीके से किया गया है और यह दिल्ली-उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच सीमा संबंधी मुद्दों पर बैठक तथा समन्वय स्थापित करने में भी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने पूर्वी जिले की पूरी टीम को इस पहल के लिए बधाई दी।

अमन समिति और पुलिस मित्रों की भूमिका की सराहना

समारोह के दौरान श्रीवास्तव ने अमन समिति के सदस्यों और पुलिस मित्रों की भूमिका की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नवरात्र और रामलीला के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अन्य क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में व्यस्त थे। इसके बावजूद अमन समिति और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के साथ मिलकर शांति और सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का यह सहयोग सराहनीय है और ऐसी व्यवस्था को अन्य क्षेत्रों में भी अपनाने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस और जनता की साझेदारी बनेगी सुरक्षा की ताकत

गाजीपुर बॉर्डर पर स्थापित नई पुलिस चौकी केवल पुलिसकर्मियों के लिए कार्यस्थल नहीं, बल्कि सीमावर्ती इलाके में बेहतर सुरक्षा त्वरित समन्वय और जनसहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पूर्वी जिला पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Reported by: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here