सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों पर हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा, MEA बोला- तत्काल थमें हमले

0
18

नई दिल्ली: सऊदी अरब में नागरिक ठिकानों और ऊर्जा ढांचे पर हुए हमलों को लेकर भारत ने कड़ा ऐतराज जताया है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि आम लोगों और जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह गलत है और ऐसे हमले तुरंत बंद होने चाहिए। विदेश मंत्रालय के मुताबिक 21 अक्टूबर को दम्मम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हुए। इसी दिन पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबा ऑयल फील्ड पर हुए हमले में एक और भारतीय जख्मी हुआ है।

मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। साथ ही बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और पीड़ित भारतीयों को हर संभव मदद दी जा रही है।

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, हम सऊदी अरब में नागरिकों और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। नागरिकों और जरूरी ढांचे पर हमले अस्वीकार्य हैं, इन्हें फौरन रोका जाना चाहिए। भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता और सुरक्षा के लिए वहां की सरकार और जनता के साथ एकजुटता दिखाई और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल होने की उम्मीद जताई।

यह बयान ऐसे समय आया है जब सऊदी के एयरपोर्ट और ऑयल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले बढ़े हैं। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने कुछ हमलों की जिम्मेदारी ली है। हालांकि सऊदी अधिकारियों ने 21 अक्टूबर को दम्मम एयरपोर्ट हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी पुष्टि नहीं की है। शायबा फील्ड पर ड्रोन हमले को लेकर सऊदी अधिकारियों ने बताया कि एयर डिफेंस ने हमले को नाकाम किया, लेकिन उसके मलबे से लोग हताहत हुए।

पहले भी हुई थी भारतीय की मौत

इस महीने की शुरुआत में रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए हमले में भी एक भारतीय की जान गई थी और कई लोग घायल हुए थे। तब भी भारत ने हमलों की निंदा की थी और सऊदी में रह रहे भारतीयों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की थी। विदेश मंत्रालय ने साफ किया है कि दूतावास हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए तैयार है। भारत ने कहा कि शांति बहाल होने तक वह सऊदी अरब के साथ खड़ा रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here