नई दिल्ली: त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और अस्वच्छता पर निगरानी तेज कर दी है। राजधानी में मिठाई बनाने वाली इकाइयों और दुकानों के निरीक्षण के दौरान कई जगह साफ-सफाई, भंडारण, कर्मचारियों की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों को संभालने के नियमों में कमियां सामने आईं। विभागीय टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से जांच के लिए नमूने भी एकत्र किए हैं।
राजधानी के नामी स्वीट हाउसों में मिलीं खामियां, कई दुकानों से लिए गए मिठाइयों के सैंपल
निरीक्षण के दौरान हस्तसाल स्थित काली घटा स्वीट्स, चांदनी चौक के भीकाराम चांदमल, नरेला के अमन मिठाईवाला और ओखला के एवरग्रीन स्वीट हाउस में कमियां दर्ज की गईं। एवरग्रीन स्वीट हाउस के भंडारण क्षेत्र में कीटों की सक्रियता मिली, जबकि कर्मचारी बिना दस्तानों के खाद्य पदार्थ संभालते पाए गए। बादली स्थित पुरी बेकर और बंसीवाला स्वीट्स में भी लाइसेंस प्रदर्शन, कर्मचारियों के प्रशिक्षण और पैकेजिंग संबंधी दस्तावेजों में खामियां सामने आईं।
भीकाराम, एवरग्रीन से लेकर हल्दीराम तक पहुंची जांच टीम, कमियों के बीच लिए गए नमूने
नारायणा के ग्रोवर स्वीट कॉर्नर और मीठी फूड्स तथा आईपी एक्सटेंशन स्थित सिंगला स्वीट्स में भी स्वच्छता और भंडारण संबंधी कमियां दर्ज की गईं। इसके अलावा चैना राम सिंधी हलवाई, हल्दीराम मार्केटिंग, बीकानेर वाला और हीरा स्वीट्स से भी मिठाइयों के नमूने लिए गए। जांच के लिए खोया, रसभरी, बर्फी, लड्डू, पेड़ा और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए हैं।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहारों की खुशियों के बीच नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और निर्धारित मानकों का पालन करना होगा। विभाग के अनुसार, नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reported By: Pankaj Rai












