नई दिल्ली: राजधानी में मोबाइल चोरों के खिलाफ दक्षिण जिला पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। एएटीएस की टीम ने आरोपियों के कब्जे से चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं जबकि 12 क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया जाने वाला हरे-पीले रंग का ऑटो भी जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी के चार मामलों का खुलासा हुआ है।
पुष्प विहार के पास ऑटो रोका, दो आरोपी हिरासत में
साउथ जिला डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एएटीएस की टीम ने पुष्प विहार के पास दोपहर करीब 1:35 बजे एक ऑटो को रोका। उसमें सवार प्रीतम सिंह (20) निवासी सरिता विहार और सुरेश उर्फ अभयराज (44) निवासी मीठापुर को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से दो-दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच और सत्यापन में ये फोन मैदानगढ़ी, संगम विहार, मालवीय नगर और साकेत थानों में दर्ज चार चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए। दोनों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1)(ई) के तहत गिरफ्तार किया गया।
12 क्षतिग्रस्त फोन और अन्य सामान जब्त, जांच जारी
पुलिस ने चार मोबाइल फोन के अलावा 12 क्षतिग्रस्त फोन ऑटो की चाबी और ब्लू डार्ट की एक शिपमेंट रसीद भी जब्त की है। दोनों आरोपियों की पूर्व संलिप्तता के मामले भी सामने आए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के स्रोत और अन्य संभावित वारदातों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। यह कार्रवाई निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नवदीप सहायक उपनिरीक्षक देशराज हेड कांस्टेबल बिरान और हेड कांस्टेबल नरेंद्र की टीम ने किया। अभियान को एसीपी ऑपरेशंस बलराम सिंह बेनीवाल का मार्गदर्शन मिला।
Reported By: Pankaj Rai












