पीढ़ियों के प्रेम और सम्मान का उत्सव बना डी.ए.वी. रतिया का ग्रैंड पेरेंट्स डे

0
10

हरियाणा: डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, रतिया में ग्रैंड पेरेंट्स डे बड़े हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दादा-दादी एवं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजक गतिविधियों तथा खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका खन्ना,अध्यापिका ज्योति चुघ एवं शिखा खुराना द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच संचालन श्रीमती उर्वशी घई ने कुशलतापूर्वक किया।

नन्हे विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने श्रीमती ज्योति चुघ के नेतृत्व एवं श्रीमती शिखा खुराना के मार्गदर्शन में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। यूकेजी रोज़ के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। यूकेजी लोटस के बच्चों ने ‘प्यारी-प्यारी दादी माँ’, सेकेंड रोज़ के विद्यार्थियों ने ‘तुझमें रब दिखता है’, यूकेजी रोज़ ने ‘गुस्सा छोड़ो दादी माँ’ तथा सेकेंड रोज़ की छात्राओं ने ‘दादा जी, की छड़ी हूँ मैं ” गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित वरिष्ठजनों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में आनंदमय वातावरण बना दिया

दादा-दादी के लिए रोचक गतिविधियाँ और सम्मान

दादा-दादी के मनोरंजन के लिए विभिन्न रोचक गतिविधियों एवं खेलों का आयोजन किया गया। इनमें गेंद फेंकना एवं पकड़ना, जन्मदिन की टोपी से संबंधित खेल, गिलास और कटोरी से मीनार बनाना, गेंद को संतुलित करना, गुब्बारे पकड़ना, कपों में रंगीन गेंदें डालने का स्मृति खेल तथा संगीत पर थिरकने और रुकने का खेल प्रमुख रहे। इन गतिविधियों में वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलों का संचालन श्रीमती उर्वशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों की प्रतिभा, ऊर्जा एवं आकर्षक व्यक्तित्व को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें विभिन्न उपाधियों से सम्मानित किया गया। इनमें ‘सुपर ग्रैंड पेरेंट्स’, ‘सर्वाधिक ऊर्जावान प्रस्तुति’, ‘आकर्षक व्यक्तित्व’, ‘सर्वश्रेष्ठ परिधान’, ‘श्रेष्ठ नृत्य जोड़ी’ तथा ‘मुस्कुराता व्यक्तित्व’ जैसी उपाधियाँ शामिल रहीं। सम्मान प्राप्त कर सभी वरिष्ठजन प्रसन्न एवं उत्साहित दिखाई दिए।

प्रधानाचार्या का आभार एवं संदेश

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या  मोनिका खन्ना ने  आए हुए सभी अतिथिगण व दादा -दादी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे परिवार की अमूल्य धरोहर और संस्कारों के सच्चे वाहक हैं। उनका स्नेह, अनुभव एवं आशीर्वाद बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण तथा सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजन विभिन्न पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान और आत्मीयता के संबंधों को सुदृढ़ बनाते हैं। कार्यक्रम आनंद, उल्लास और पारिवारिक अपनत्व के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समस्त स्टॉफ सदस्य उपस्थित रहे |

Reported By: Rimpi Jindal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here