मेरठ सांप कांड को कोर्ट ने बताया 'रेयर ऑफ द रेयरस्ट', पति के हत्यारे रविता और अमरदीप को सुनाई फांसी की सजा

0
9

मेरठ: पति की हत्या को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की साजिश रचने वाली पत्नी को आखिरकार अदालत ने सबसे बड़ी सजा सुना दी। मेरठ के चर्चित सांप कांड में शुक्रवार को कोर्ट ने मुख्य आरोपी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई। अदालत ने इस मामले को “रेयर ऑफ द रेयरस्ट” करार दिया।

फैसला सुनाने से पहले दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। सरकारी वकील ने रविता और अमरदीप के लिए फांसी की मांग की। वहीं दोनों दोषियों ने अपनी ओर से कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। सजा के ऐलान से पहले दोनों को ऑनलाइन माध्यम से कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान सजा के बिंदु पर वकीलों के बीच जोरदार बहस हुई। आरोपी पक्ष के वकील ने अदालत से नरमी बरतने की अपील करते हुए कम सजा की मांग की। दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष के वकील ने इसे जघन्य अपराध बताया और कहा कि समाज को सख्त संदेश देने के लिए दोनों को मृत्युदंड ही मिलना चाहिए। मृतक अमित कश्यप की मां मुनेश देवी भी पीड़ित परिवार के साथ कोर्ट पहुंची थीं। उन्होंने भी दोनों दोषियों के लिए फांसी की मांग की।

क्या था पूरा मामला

यह मामला मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है। 12 अप्रैल 2025 की रात अमित कश्यप की घर के अंदर ही हत्या कर दी गई थी। आरोप था कि उनकी पत्नी रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया था और यह देशभर में चर्चा का विषय बनी।

सर्पदंश दिखाने की साजिश ऐसे खुली

हत्या के बाद आरोपियों ने इसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की। इसके लिए एक सांप लाकर अमित के शव पर छोड़ दिया गया। लेकिन उनकी यह चाल कामयाब नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि अमित की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने रविता और अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की सुनवाई एडीजे-12 की अदालत में चल रही थी। कोर्ट ने 7 अक्टूबर को दोनों को दोषी करार दिया था। जांच में यह भी सामने आया कि रविता और अमरदीप के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती थी। हत्या वाली रात भी दोनों के बीच 50 से ज्यादा बार बात हुई। इसके अलावा उसी रात अमरदीप को घर से बाहर जाते हुए देखा गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here