हरियाणा: पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर रतिया पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते युवक की मोटरसाइकिल को कार से टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबू उर्फ पोपल पुत्र गोरा सिंह निवासी वार्ड नंबर 5, रतिया तथा नितीश कुमार पुत्र नीरु निवासी वार्ड नंबर 12, रतिया के रूप में हुई है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब तक मामले में कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
शिकायतकर्ता द्वारा घटना की जानकारी
थाना शहर रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि 27 सितंबर 2026 को वार्ड नंबर 5, कलर कॉलोनी रतिया निवासी पूर्ण उर्फ प्रेम ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 26 सितंबर को उसके दोनों बेटे अजय व शेर सिंह अपने दोस्तों के साथ अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लोहारी चौक से अरोड़ा कॉलोनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच अनाज मंडी रतिया के गेट के नजदीक एक कार में सवार युवकों ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते अजय की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना के बाद विवाद और तोड़फोड़
शिकायत के अनुसार, घटना के बाद जब अजय के भाई व उसके दोस्तों ने कार का पीछा कर उसे रुकवाया तो कार सवार युवकों ने हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और कार में तोड़फोड़ भी की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते आपसी साजिश के तहत अंजाम दी गई थी।
मुकदमा दर्ज और आगे की जांच
पुलिस ने शिकायत एवं उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाना शहर रतिया में मुकदमा नम्बर 205 दिनांक 27.09.2026 धारा 109 (1), 61(2),3(5) .111(3) BNS के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मामले में पहले तीन आरोपियों को काबू किया था। अब जांच को आगे बढ़ाते हुए बाबू उर्फ पोपल तथा नितीश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले की गहनता से जांच जारी है।
Reported by: Rimpi Jindal












