मथुरा: उत्तराखंड से भाजपा के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य मंगलवार को धार्मिक यात्रा पर मथुरा पहुंचे। छटीकरा-राधाकुंड मार्ग स्थित चित्रगुप्त पीठ आश्रम में उन्होंने मां आदिशक्ति की पूजा-अर्चना की। इसके बाद पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। आश्रम में पहुंचने पर प्रबंधन की ओर से उनका स्वागत किया गया।
चित्रगुप्त पीठ की पहली धार्मिक यात्रा
राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद दिनेश आर्य की चित्रगुप्त पीठ की यह पहली धार्मिक यात्रा थी। आश्रम में आयोजित विशेष पूजा के दौरान उन्होंने मां आदिशक्ति के समक्ष शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज और मनोज श्रीवास्तव ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही स्मृति चिह्न भेंट किया।
सांसद ने की कार्यों की सराहना
दिनेश आर्य ने चित्रगुप्त पीठ की धार्मिक परंपराओं और समाज कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त का आशीर्वाद लेने के साथ ही पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज से मुलाकात करने के उद्देश्य से वह यहां आए हैं। आश्रम में मुलाकात और पूजा-अर्चना के दौरान धार्मिक माहौल रहा। इस दौरान राजनीतिक विषयों को लेकर सवाल पूछे जाने पर सांसद दिनेश आर्य ने कोई टिप्पणी नहीं की।












