रतिया: अग्रवाल सभा,रतिया द्वारा शरद नवरात्रि के शुभारंभ पर समाजवाद और सहकारिता के प्रेरणास्रोत महाराजा अग्रसेन जी की जयंती इस वर्ष भी 11 अक्टूबर दिन रविवार को मेन बाजार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में बड़े ही हर्षोल्लास,श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई जाएगी।
हवन-यज्ञ के साथ शुरू होगा जयंती समारोह
इस संबंध में जानकारी देते हुए सभा के प्रधान प्रमोद बांसल ने बताया कि जयंती समारोह का शुभारंभ 11 अक्टूबर को प्रातः 8.30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ के साथ होगा। यज्ञ में समाज के प्रबुद्धजन,मातृशक्ति एवं युवा आहुतियां डालकर विश्व शांति,समाज की एकता और नगर की सुख-समृद्धि की मंगलकामना करेंगे। यज्ञ के उपरांत सभी श्रद्धालुओं में पवित्र प्रसाद वितरित किया जाएगा। हवन-यज्ञ के पश्चात अग्रसेन चौक स्थित महाराजा अग्रसेन जी की भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया जाएगा।
प्रधान प्रमोद बांसल ने कही ये बात
प्रधान प्रमोद बांसल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने “एक रुपया और एक ईंट” का दिव्य संदेश देकर समरस समाज की नींव रखी थी। उनका त्याग,समानता और परोपकार का सिद्धांत आज के युग में भी प्रेरणास्रोत है। इस जयंती उत्सव का मुख्य उद्देश्य है युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना और सामाजिक एकजुटता को और अधिक सुदृढ़ करना है।
अग्रवाल सभा ने समस्त अग्रवाल बंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में पधारकर धर्म लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।











