नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार को INDIA गठबंधन के विपक्षी सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतर रहे हैं। SIR यानी वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों की नाराजगी के बीच संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला जा रहा है। इस मार्च में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अखिलेश यादव समेत करीब 150 सांसदों के शामिल होने की बात कही गई है।
संसद से EC दफ्तर तक पैदल मार्च
INDIA गठबंधन ने 6 अक्टूबर के इस मार्च की घोषणा पिछले महीने की बैठक के बाद की थी। विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार से निकलकर निर्वाचन आयोग के मुख्यालय तक जाएंगे। यह प्रदर्शन SIR और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष के व्यापक अभियान का हिस्सा है।
विपक्षी दलों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है। वहीं, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी विपक्ष ने सवाल उठाए हैं और उनके पद से हटने की मांग की है। ये आरोप विपक्ष के हैं, जिनपे चुनाव आयोग ने अपनी प्रक्रिया का बचाव किया है।
राहुल और अखिलेश समेत कई बड़े नेता होंगे शामिल
मार्च में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के भी शामिल होने की उम्मीद है। विपक्षी दलों की योजना इस प्रदर्शन के जरिए चुनाव आयोग के सामने अपनी मांगें रखने की है।
हालांकि, INDIA गठबंधन के सभी दल इस मार्च में शामिल नहीं हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने इस प्रदर्शन से दूरी बनाने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि वह इस मुद्दे पर अपनी अलग लड़ाई लड़ रही है। DMK ने भी मार्च में शामिल नहीं होने की जानकारी दी है।
दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई
#WATCH | Delhi: Heavy presence of RAF (Rapid Action Force) personnel around Transport Bhawan, ahead of INDIA bloc MPs’ march to the Election Commission office today amid the CEC Gyanesh Kumar matter. https://t.co/cYeFSTFBAK
— ANI (@ANI) October 6, 2026
मार्च को देखते हुए संसद और चुनाव आयोग मुख्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की है और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। चुनाव आयोग के आसपास भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। INDIA गठबंधन ने इस मार्च को अपने ‘सेव डेमोक्रेसी’ अभियान का अहम हिस्सा बताया है। गठबंधन की ओर से 2 से 8 अक्टूबर के बीच देशभर में जिला स्तर पर भी विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।












