DLF मॉल से बिल चुकाए बिना घी का डिब्बा लेकर निकल रही थी महिला, गार्ड ने रोका, फिर जो हुआ?

0
8

नई दिल्ली: नोएडा के सबसे भीड़भाड़ वाले मॉल में से एक, सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल ऑफ इंडिया का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मॉल की सिक्योरिटी टीम एक महिला को पकड़कर अपने साथ ले जाती हुई दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि महिला पर स्टोर से बिना पैसे दिए सामान ले जाने का आरोप था।

ली मार्चे स्टोर से जुड़ा है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला मॉल के अंदर मौजूद ली मार्चे स्टोर से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कहा जा रहा है कि महिला स्टोर से घी और एक अन्य सामान लेकर बाहर निकल गई थी, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया था।

स्टोर स्टाफ को जब इसका पता चला तो उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक की और महिला की पहचान की। इसके बाद सिक्योरिटी टीम ने महिला को रोका। इसी दौरान बिल को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने पर सिक्योरिटी कर्मी महिला को अपने साथ ले गए, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया और उसे ऑनलाइन पोस्ट कर दिया। वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि इस मॉल में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं।

पुलिस ने क्या बताया?

मामले पर DLF चौकी प्रभारी ने जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ली मार्चे स्टोर से बिना भुगतान किए सामान ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। सिक्योरिटी टीम ने जब महिला से इस बारे में पूछा तो दोनों में बहस हो गई। हालांकि, मामला ज्यादा नहीं बढ़ा। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद महिला ने मौके पर ही सामान का पूरा बिल चुका दिया। भुगतान होने के बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति बन गई और बात को वहीं खत्म कर दिया गया।

कोई शिकायत दर्ज नहीं

पुलिस ने साफ किया कि बिल चुकाने के बाद महिला मॉल से चली गई थी। इस पूरे घटनाक्रम में न तो स्टोर प्रबंधन की तरफ से और न ही महिला की तरफ से कोई लिखित शिकायत दी गई है। इसलिए इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। यह घटना थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के अंतर्गत आती है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं, कोई सिक्योरिटी के व्यवहार पर सवाल उठा रहा है तो कोई बिना भुगतान सामान ले जाने को गलत बता रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here