नई दिल्ली: मैदान एशिया का था मुकाबला दुनिया की नजरों में था और जब पदक जीतने की बारी आई तो उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों ने ऐसा दम दिखाया कि तिरंगे की शान और बढ़ गई। एशियन गेम्स 2026 में उत्तर रेलवे के 14 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में 10 स्वर्ण और एक कांस्य समेत 11 पदक डाल दिए।
कुश्ती और कबड्डी में स्वर्ण पदक
कुश्ती के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में अमन ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया। कबड्डी में पूजा और आशु मलिक ने भारतीय महिला और पुरुष टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
हॉकी में उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों का सुनहरा योगदान
हॉकी के मैदान पर भी उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों ने सुनहरी कहानी लिखी। यशदीप सिवाच स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे। वहीं नेहा, इशिका, शिल्पी डबास और साक्षी राणा ने भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
मुक्केबाजी और महिला क्रिकेट में पदक
मुक्केबाजी में प्रिया ने 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों में एक और इजाफा किया। महिला क्रिकेट में रेणुका ठाकुर और प्रतिका रावल स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। इसके अलावा जेमश कीथेलाक्रम और विश्वजीत सिंह ने साइकिलिंग तथा अनीश ने निशानेबाजी में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
उत्तर रेलवे खेल संघ की बधाई
यह उपलब्धि उत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे खेल संघ के लिए गौरव का विषय है। महाप्रबंधक अध्यक्ष एनआरएसए, पीसीएसटीई उत्तर रेलवे, मानद महासचिव एनआरएसए और सीएसटीई/पी/ईस्ट ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ और अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











