इंडियन नेवी का 31 साल का सेलर हनीट्रैप में फंसा, पाकिस्तानी महिला एजेंट को दी संवेदनशील जानकारी, कोयंबटूर से गिरफ्तार

0
7

नई दिल्ली: भारतीय नौसेना के एक 31 वर्षीय नाविक को संवेदनशील रक्षा जानकारी कथित तौर पर पाकिस्तान की महिला खुफिया एजेंट तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई आंध्र प्रदेश पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने की। आरोपी की गिरफ्तारी कोयंबटूर स्थित आईएनएस अग्रानी से हुई, जहां वह ट्रेनिंग कोर्स के लिए पहुंचा था। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के प्रदीप मुखर्जी के रूप में हुई है। वह साल 2014 में भारतीय नौसेना में नाविक के तौर पर शामिल हुआ था और विशाखापत्तनम स्थित ईस्टर्न नेवल कमांड में तैनात था। कुछ दिन पहले ही वह मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स के लिए कोयंबटूर पहुंचा था।

जांच के मुताबिक, कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए एक महिला ने प्रदीप से संपर्क किया। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और इसी दौरान कथित तौर पर महिला ने उससे नौसेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां हासिल करनी शुरू कर दीं। अधिकारियों को शक है कि यह संपर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़ा हुआ था।

नौसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रदीप ने विशाखापत्तनम नौसैनिक बेस से जुड़े रणनीतिक संसाधनों, जहाजों की आवाजाही और ऑपरेशनल व्यवस्था से संबंधित जानकारी साझा की हो सकती है। हालांकि, वास्तव में कितनी और कौन-कौन सी सूचनाएं बाहर गईं, इसकी जांच अभी जारी है। संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों का पता चलने के बाद काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने प्रदीप की निगरानी शुरू की थी। जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद नौसेना अधिकारियों की अनुमति लेकर कार्रवाई की गई।

कोयंबटूर से हिरासत में लेकर विजयवाड़ा ले गई टीम

काउंटर इंटेलिजेंस की विशेष टीम शनिवार सुबह आईएनएस अग्रानी पहुंची और प्रदीप को हिरासत में लिया। इसके बाद उसे स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट वारंट मिलने के बाद उसे विजयवाड़ा स्थित काउंटर इंटेलिजेंस मुख्यालय ले जाया गया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कितनी रक्षा जानकारी लीक हुई और क्या इसके बदले आरोपी को हवाला या डिजिटल भुगतान के जरिए कोई रकम मिली थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here