मथुरा के विंगस्टन होटल में बड़ा हादसा, दीवार ढहने से मजदूर की मौत, इलाके में मची अफरातफरी

0
7

मथुरा: गोविंद नगर थाना क्षेत्र के मसानी स्थित विंगस्टन होटल में शनिवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। निर्माणाधीन हिस्से की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से मजदूर मलबे में दब गया। हादसे के बाद होटल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

दोपहर पौने तीन बजे हुआ हादसा, जेसीबी से मलबा हटाया

हादसा शनिवार दोपहर करीब पौने तीन बजे हुआ। बताया गया कि होटल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान करीब पांच मजदूर काम कर रहे थे। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और मजदूर दिनेश निवासी खामनी मलबे के नीचे दब गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद दिनेश को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों का आक्रोश, होटल गेट पर हंगामा

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मजदूर की मौत से आक्रोशित परिजनों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए होटल का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। कुछ परिजन गेट फांदकर परिसर में दाखिल हो गए। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति संभाली।

एसपी और सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे, बचाव कार्य तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों की निगरानी में मलबा हटाने और यह सुनिश्चित करने का काम कराया गया कि कहीं कोई अन्य मजदूर मलबे में न दबा हो।

प्रशासन के अनुसार हादसे के समय मौके पर पांच मजदूर मौजूद थे। इनमें से कुछ मजदूर घटना के बाद मौके से चले गए। हादसे में दिनेश की मलबे में दबने से मौत हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों का आरोप, जांच जारी

मृतक के परिजनों ने होटल प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाया है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से प्रार्थनापत्र मांगा गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू करा दिया गया था। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here