नई दिल्ली: जरा सोचिए, आप रोज की तरह ऑफिस पहुंचें और बॉस आपको अचानक मीटिंग रूम में बुला लें। मगर यह मीटिंग किसी टारगेट, प्रोजेक्ट या डेडलाइन को लेकर न हो, बल्कि एक ऐसे तोहफे के लिए हो जो आपका पूरा दिन बना दे। सच कहें तो ऑफिस में ऐसे पल बहुत कम आते हैं, लेकिन यूएई की एक कंपनी में काम करने वाले स्टाफ के साथ ठीक ऐसा ही हुआ, जब बॉस ने पूरी टीम को इकट्ठा कर एक के बाद एक सबको आईफोन गिफ्ट कर दिए। इस अनोखे अंदाज में दिए गए सरप्राइज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि कंपनी मैनेजमेंट ने एक टेबल पर कर्मचारियों की संख्या के हिसाब से गिफ्ट पैकेट सजा रखे थे। हर कर्मचारी को बारी-बारी से एक पैकेट उठाने के लिए कहा गया। मज़ की बात यह रही कि किसी को खोलने पर अंदर चमचमाता आईफोन मिला, तो किसी के हाथ सिर्फ एक चॉकलेट लगी। जिन्हें आईफोन मिला उनके चेहरे खुशी से चमक उठे, वहीं चॉकलेट पाने वालों के चेहरे पर हल्की मायूसी साफ झलक रही थी।
दूसरा ट्विस्ट, जो सबकी मुस्कान लौटा लाया
लेकिन इस पूरे सरप्राइज में असली ट्विस्ट अभी बाकी था। कुछ देर बाद जब सभी को अपना-अपना गिफ्ट मिल चुका था, तभी टेबल पर एक और सरप्राइज इंतजार कर रहा था। जिन कर्मचारियों की किस्मत में पहले सिर्फ चॉकलेट आई थी, उन्हें भी आईफोन दे दिया गया। यानी आखिर में कंपनी के हर कर्मचारी के हाथ में आईफोन था, चाहे शुरुआत में उन्हें चॉकलेट ही क्यों न मिली हो। इस पल का वीडियो देखकर हर किसी के चेहरे पर मुस्कान आना लाजमी है।
किसने शेयर किया वीडियो?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो यूएई की मैनपावर कंपनी वर्ल्ड स्टार मैनपावर से जुड़ा है। इसे कंपनी के फाउंडर निषाद हुसैन और उनकी पत्नी हसीना निषाद ने शेयर किया है। वीडियो में हसीना निषाद खुद उन कर्मचारियों तक पहुंचती नजर आती हैं, जिन्हें पहले सिर्फ चॉकलेट मिली थी और उन्हें आईफोन सौंपती हैं।
यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। कई यूजर्स इसे देखकर लिख रहे हैं कि काश उनके ऑफिस में भी ऐसा माहौल होता। कर्मचारियों के प्रति इस तरह का प्यार और सम्मान दिखाने वाला यह वीडियो एक अच्छी मिसाल बन गया है।












