‘इजरायल को हथियार देना बंद करो’ नेतन्याहू के भाषण के खिलाफ UN में जमकर विरोध, हॉलीवुड एक्ट्रेस समेत दर्जनों गिरफ्तार

0
12
Hollywood Actress Susan Sarandon Arrested
X @WearThePeaceCo

नई दिल्ली: गुरुवार को जब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित कर रहे थे, ठीक उसी वक्त न्यूयॉर्क की सड़कों पर उनके खिलाफ बड़ा प्रदर्शन हो रहा था। पुलिस ने हॉलीवुड अभिनेत्री सुसान सरंडन और लोकप्रिय सीरीज ‘हैक्स’ की एक्ट्रेस हन्ना आइबाइंडर समेत दर्जनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया।

यहूदी शांति संगठन ‘जूइश वॉयस फॉर पीस’ की अगुवाई में आयोजित इस प्रदर्शन में लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर सड़कों पर धरना दिया। इन तख्तियों पर “इजरायल को हथियार देना बंद करो” और “नरसंहार खत्म करो” जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा साफ तौर पर नेतन्याहू सरकार की नीतियों और गाजा में जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर था।

सुसान सरंडन को पुलिस ने पहनाई हथकड़ी

एएफपी की ओर से जारी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि न्यूयॉर्क पुलिस के अधिकारी ‘थेलमा एंड लुईस’ फिल्म से मशहूर हुईं सुसान सरंडन को हथकड़ी लगाकर ले जा रहे हैं। वहीं न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, हन्ना आइबाइंडर को भी प्रदर्शन स्थल से हिरासत में लिया गया। गौरतलब है कि सरंडन गाजा युद्ध को लेकर पहले भी कई बार सड़कों पर उतर चुकी हैं और खुलकर अपनी राय जाहिर करती रही हैं। हाल ही में वेनिस फिल्म फेस्टिवल में उन्होंने कहा था कि अपने बेबाक विचारों के चलते उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलना मुश्किल हो रहा है।

महासभा के अंदर भी दिखा विरोध, हुआ वॉकआउट

जिस वक्त बाहर सड़कों पर यह हंगामा चल रहा था, ठीक उसी समय संयुक्त राष्ट्र महासभा के अंदर भी नेतन्याहू के भाषण के दौरान दुनियाभर के दर्जनों प्रतिनिधियों ने वॉकआउट किया। अपने संबोधन में नेतन्याहू ने ब्रिटेन और फ्रांस समेत उन देशों की भी आलोचना की, जिन्होंने हाल में फलस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के तौर पर मान्यता दी है। 

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छोटे से इजरायल पर उपनिवेशवाद का आरोप लगाने वाले असल में वही देश हैं, जिन्होंने खुद यह शब्द गढ़ा था।इस तरह गुरुवार का दिन नेतन्याहू के लिए दोहरी चुनौती लेकर आया, जिसमें एक तरफ महासभा के अंदर कूटनीतिक विरोध, तो दूसरी तरफ बाहर सड़कों पर जनता का गुस्सा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here