दिल्ली में मामूली टक्कर बनी मौत की वजह, 15 साल के किशोर को 16 बार चाकू से गोदा, 7 घंटे में पकड़े गए आरोपी

0
12
delhi teen murder
Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में एक मामूली सी टक्कर ने 15 साल के एक मासूम की जान ले ली। गली से गुजरते वक्त हुई हल्की सी झड़प इतना खूनी रूप ले लेगी, इसका अंदाजा शायद किसी को नहीं था। लेकिन पुलिस ने अपनी तेजी दिखाते हुए महज सात घंटे के भीतर पूरे मामले का पर्दाफाश कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी गली नंबर-16 से पैदल गुजर रहे थे, तभी उनकी किशोर से टक्कर को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने चाकू निकालकर किशोर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। हमले में किशोर को करीब 16 बार चाकू से गोदा गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

आनंद पर्वत थाना पुलिस ने इस संगीन वारदात को हल्के में नहीं लिया और तुरंत जांच में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस तीनों आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही। मुख्य आरोपी के तौर पर 19 वर्षीय तुषार को गिरफ्तार किया गया, जबकि इसके साथ ही 17 और 15 साल के दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। तीनों को आनंद पर्वत इलाके से ही धर दबोचा गया।

परिवार ने पहले ही जताई थी आशंका

इस पूरे मामले में एक चौंकाने वाला पहलू यह भी है कि किशोर के परिवार ने हत्या से पहले ही पुलिस को आगाह किया था। मृतक के भाई मयंक ढींगरा का कहना है कि परिवार ने आरोपियों के नाम पुलिस को पहले ही बता दिए थे, लेकिन उस वक्त कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मयंक ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनके भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

भाई को भी मिली धमकी

घटना के बाद मयंक को एक फोन कॉल आया, जिसमें उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई और गाली-गलौज की गई। मयंक ने बताया कि उसने इस धमकी भरी कॉल की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी है और वह पुलिस अधिकारियों को भेज दी गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि हालात काबू में रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here