नई दिल्ली: मॉनसून की वापसी से पहले उत्तर भारत में बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में आज 18 सितंबर को बारिश की संभावना बनी हुई है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है।
बिहार में 18 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। ओडिशा में 18 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बारिश का दौर और तेज हो सकता है।
मध्य भारत में तेज हवाएं
आईएमडी के मुताबिक 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू हो सकती है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि बाकी राज्यों से मॉनसून तुरंत विदा हो जाएगा। पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 20 से 23 सितंबर के बीच यहां बारिश का दौर और तेज होने का अनुमान है।
पश्चिम और दक्षिण भारत में सक्रिय मौसम
गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और कोंकण-गोवा में 18 से 23 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु में 18-23 सितंबर के दौरान कई हिस्सों में बारिश का अनुमान है। तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में भी 20-23 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मॉनसून की वापसी 19 सितंबर से शुरू होगी, लेकिन अलग-अलग वेदर सिस्टम के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। दिल्ली-NCR, यूपी-बिहार, मध्य भारत और दक्षिण भारत में अलर्ट जारी किया गया है।












